Milkipur By-Blection News : समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन थानाध्यक्षों को हटाने की मांग की है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मिल्कीपुर के कुमारगंज, इनायत नगर और खंडासा थानों के प्रभारियों (एसएचओ) को हटाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को एक पत्र भेजा है।
सपा ने मिल्कीपुर प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वह पार्टी के समर्थकों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान कर रहा है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शनिवार को सपा के जिला महासचिव बख्तियार खान और जिला सचिव राम तेज यादव समेत 12 से अधिक पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।
अवधेश प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिनभर हिरासत में रखकर देर रात उन्हें रिहा कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बेटे अजीत प्रसाद मिल्कीपुर सीट पर सपा के उम्मीदवार हैं, और यहां 5 फरवरी को उपचुनाव होने हैं।
थानाध्यक्षों पर लगे गंभीर आरोप
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि चुनाव की घोषणा के बाद से ही तीनों थानाध्यक्ष सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसा रहे हैं और उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के पत्र में इनायतनगर के थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, खंडासा के थानाध्यक्ष संदीप सिंह और कुमारगंज के थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है।
पाल का दावा है कि एक दर्जन से अधिक सपा पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और प्रमुखों पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और उन्हें तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है। सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इन तीनों थानाध्यक्षों का तत्काल अयोध्या से तबादला करने की मांग की है।
सपा ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग
सपा की अयोध्या जिला इकाई के अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने बताया कि सीईओ को भेजे गए पत्र की प्रति अयोध्या के जिला निर्वाचन अधिकारी को भी उपलब्ध करा दी गई है। सपा ने चुनाव आयोग से इन घटनाओं की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है ताकि उपचुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखी जा सके।
ये भी देखें : Italy की महिलाओं ने CM Yogi को सुनाया ‘शिव तांडव’, गदगद हुए मुख्यमंत्री


