Kanpur News : कानपुर के घाटमपुर स्थित पतारा स्टेट बैंक में हुई लूट के प्रयास के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। लूट की कोशिश करने वाला आरोपी कोई और नहीं बल्कि एक आईटीआई छात्र निकला, जिसका नाम लविश है। यह मामला और भी चौंकाने वाला था क्योंकि आरोपी साइकिल से बैंक पहुंचा था और साइकिल को बाहर खड़ी करके बैंक में दाखिल हुआ।
चाकू और तमंचा लेकर बैंक में घुसा आरोपी
जानकारी के अनुसार लविश बैंक के अंदर घुसकर सबसे पहले बैंक के गार्ड पर हमला किया और फिर कर्मचारियों पर भी चाकू से वार किया। हालांकि, बैंक कर्मचारी और गार्ड उससे भिड़ गए और सभी ने मिलकर आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान आरोपी के पास एक चाकू था और उसने एक तमंचा भी छिपाकर रखा था, लेकिन उसकी नाल में मिट्टी भरी हुई थी, जिससे वह फायर नहीं कर सका। इसके अलावा आरोपी के पास कुछ सर्जिकल ब्लेड भी थे, जो उसने कूड़े से उठाए थे।
कैसे दिया घटना को अंजाम?
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे लविश ने घाटमपुर स्थित पतारा स्टेट बैंक में घुसकर लूट की कोशिश की। बैंक के गार्ड सुशील कुमार ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन लविश ने गार्ड पर सीधे चाकू से हमला कर दिया। गार्ड पर हमला देखकर बैंक के मैनेजर वीरेंद्र प्रताप सिंह और अन्य कर्मचारियों ने लविश को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने उन पर भी चाकू से हमला किया। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने आरोपी को पीटा और किसी तरह से उसे बांधकर जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान बैंक के गार्ड सुशील कुमार, कैशियर और मैनेजर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आईटीआई कर रहा था आरोपी
आरोपी लविश घाटमपुर के धर्मपुर गांव का रहने वाला है। वह बीएससी फाइनल का छात्र था और साथ ही आईटीआई भी कर रहा था। लविश के परिवार की आर्थिक स्थिति खराब थी और उसके पिता अवधेश मिश्रा एक छोटे किसान हैं। पूछताछ में लविश ने बताया कि वह मोबाइल पर रील्स देखता था और अपना यूट्यूब चैनल शुरू करना चाहता था। लविश ने कभी कोई नशा नहीं किया था और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस (Kanpur News ) ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और इस मामले की जांच शुरू कर दी। एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल डिप्रेशन में है और वह किसी भी सवाल का ठीक से जवाब नहीं दे पा रहा है। पुलिस का कहना है कि जब आरोपी पूरी तरह से ठीक हो जाएगा, तब उससे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल घायल बैंक कर्मचारियों का इलाज अस्पताल में जारी है और पुलिस आरोपी से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी देखें : Italy की महिलाओं ने CM Yogi को सुनाया ‘शिव तांडव’, गदगद हुए मुख्यमंत्री


