Chandrashekhar Azad News : नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी के साथ विलय और इंडिया गठबंधन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि वह इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनका रुख कांग्रेस पार्टी के प्रति अक्सर नरम ही रहा है। एक निजी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में उन्होंने इस बारे में खुलकर अपनी राय रखी।
जब उनसे पूछा गया कि अगर राहुल गांधी उनसे समर्थन मांगते हैं और उन्हें अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में करने को कहते हैं तो वह क्या करेंगे? इस सवाल के जवाब में चंद्रशेखर आजाद ने साफ तौर पर कहा कि आजाद समाज पार्टी (आसपा) एक वैचारिक आंदोलन है और इसे किसी पार्टी के साथ मिलाने से न तो उनका काम बनेगा, न ही किसी और का। उन्होंने कहा “यह आंदोलन मान्यवर कांशीराम, बाबा साहेब और ज्योतिबाफूले जैसे महापुरुषों का है। अगर हम इसे किसी के साथ मिलाते हैं तो इससे किसी का भला नहीं होगा।”
चंद्रशेखर आजाद का बड़ा दावा
आगे उन्होंने यह भी कहा कि वह पूरी कोशिश कर रहे हैं कि जो काम बाबा साहेब, कांशीराम और मायावती जी से अधूरा रह गया है, उसे वह पूरा करें। उनका यह कहना था कि “अगर लोग मुझे देख रहे हैं, हमारे लिए काम कर रहे हैं और हमें आशीर्वाद दे रहे हैं तो इसमें किसी को बुरा क्यों लगना चाहिए?”
चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad ) ने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश और बिहार में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं है, बल्कि वह सिर्फ एक वैकल्पिक राजनीति का निर्माण करने के लिए मेहनत कर रहे हैं।
इस इंटरव्यू के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने प्रियंका गांधी को लेकर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि वह प्रियंका गांधी को अपनी बहन मानते हैं और उन्हें ‘दीदी’ या ‘बहन’ ही बुलाते हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अगर कभी प्रियंका गांधी को खून की जरूरत पड़ी तो वह उनके लिए तैयार हैं।


