Maharashtra News : महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार को एक बड़े रेल हादसे की खबर आई है। हादसा परांडा रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में आग की अफवाह के बाद डर के मारे कुछ यात्रियों ने ट्रेन से कूदने की कोशिश की। इस दौरान दूसरी ट्रैक से गुजर रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने इन यात्रियों को रौंद दिया। हादसे में कई यात्रियों के हताहत होने की जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक घटना तब घटी जब पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन की चेन पुलिंग के बाद ट्रेन अचानक रुक गई। इस दौरान ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। डर के मारे कई यात्री ट्रेन से बाहर कूद पड़े और दूसरी ट्रैक से गुजर रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद रेलवे की राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है और यात्रियों को पटरी से हटाया जा रहा है।
कहां से आ रही थी पुष्पक एक्सप्रेस
पुष्पक एक्सप्रेस (12533) भारतीय रेलवे द्वारा चलने वाली एक प्रमुख मेल एक्सप्रेस ट्रेन है। यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से रात 7:45 बजे चलकर अगले दिन मुंबई (Maharashtra) छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर 8:05 बजे पहुंचती है। यात्रा की कुल अवधि 24 घंटे और 20 मिनट है।
इस हादसे की खबर के बाद पूरे इलाके में खलबली मच गई है और रेलवे प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है। घटना की पूरी जांच की जा रही है और यात्रियों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।


