Maha Kumbh 2025 : मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रविवार से लेकर 29 जनवरी तक मेला क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, केवल प्रशासनिक वाहनों को अनुमति होगी। यह निर्णय पुलिस की ओर से लिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मेला क्षेत्र में सुगम यातायात सुनिश्चित हो सके।
मौनी अमावस्या का स्नान पर्व विशेष रूप से महत्वपूर्ण है और इस दिन करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इस कारण मेला क्षेत्र में वाहनों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए यह फैसला किया गया है। यह रोक मुख्य स्नान से तीन दिन पहले यानी रविवार से लागू हो जाएगी और मौनी अमावस्या तक बनी रहेगी।
वाहन पार्किंग की व्यवस्था
मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
- जौनपुर मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को सहसों, गारापुर, चीनी मिल पार्किंग, झुंसी और पूरेसूरदास पार्किंग में वाहन पार्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
- वाराणसी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन को कनिहार रेलवे अंडर ब्रिज से शिवपुर उस्तापुर, पटेल बाग और कान्हा मोटर्स पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
- मिर्जापुर मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन देवरख उपरहार और सरस्वती हाईटेक पार्किंग में पार्क होंगे।
- रीवा मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को नैनी एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट और नव प्रयागम पार्किंग एरिया में वाहन पार्क करने होंगे।
- कानपुर, लखनऊ और प्रतापगढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं को नवाबगंज, मलाक हरहर, बेली कछार और बेला कछार पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
- कौशाम्बी मार्ग से आने वाले श्रद्धालु नेहरू पार्क और एयरफोर्स मैदान पार्किंग में वाहन पार्क कर सकेंगे।
शहरी क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
शहरी क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें हेलीपैड पार्किंग, 17 नंबर पार्किंग, काली एक्सटेंशन पार्किंग में पार्किंग की सुविधा मिलेगी। वहीं, पुराने शहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन ईसीसी डिग्री कॉलेज और जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में पार्क होंगे।
बसों और ट्रेनों की अतिरिक्त व्यवस्था
मौनी अमावस्या (Maha Kumbh 2025) के अवसर पर यात्री सुविधाओं के लिए रेलवे और यूपी परिवहन निगम ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दिन महाकुंभ के लिए विशेष रूप से आठ हजार बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि रेलवे 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। रेलवे प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी, प्रयाग और रामबाग से स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है।
इसके अतिरिक्त, शहर के प्रमुख चौराहों पर एनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं को ट्रेनों और बसों के बारे में सूचना दी जाएगी, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और भीड़ का समान वितरण हो सके।
बसों की पार्किंग व्यवस्था
मौनी अमावस्या पर सूबेदारगंज स्टेशन पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में, 150 बसों का इंतजाम किया गया है। इन बसों को प्लेटफॉर्म छह की तरफ, प्लेटफॉर्म नंबर एक और डीएफसी ग्राउंड पर खड़ा किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस बार की तैयारियों के चलते रेलवे ने 13 जनवरी से 23 जनवरी तक 950 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, और अब तक 13.20 लाख यात्रियों ने यात्रा की। इससे रेलवे को 71.28 करोड़ रुपये की आय हुई है।


