Bihar News : बिहार के वैशाली जिले के छोटे से गांव बेलसर की पूजा कुमारी ने अपने परिवार का सपना साकार करते हुए बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) के पद पर चयनित होकर एक प्रेरणास्त्रोत बन गई हैं। पूजा की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से कोई भी मुश्किल आसान हो सकती है।
गरीबी के बावजूद पिता ने नहीं रुकने दी पढ़ाई
पूजा कुमारी के पिता उमेश चौधरी सोरहत्था गांव में दर्जी का काम करते हैं और मां राम कला देवी एक हाउस वाइफ हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कोई खास अच्छी नहीं थी, लेकिन पिता ने हमेशा अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। पिता का सपना था कि उनकी बेटी पढ़-लिखकर अफसर बने और गांव का नाम रोशन करे। पूजा कुमारी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से अपने पिता का सपना साकार किया।
ग्रामीण परिवेश से लेकर कृषि अधिकारी तक का सफर
पूजा कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा बेलसर गांव से ही हुई। इसके बाद उन्होंने भगवानपुर रत्ती से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की। फिर उन्होंने बिहार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी भागलपुर से कृषि में ग्रेजुएशन किया। पूजा के लिए यह यात्रा आसान नहीं थी, लेकिन उनकी मेहनत और संघर्ष ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता
पूजा ने (Bihar News) बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित SDAO और BAO (प्रखंड कृषि पदाधिकारी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त की और बीएओ के पद पर चयनित हो गईं। उनका कहना है कि इस सफलता के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की थी। पूजा की सफलता से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव खुश है। उनकी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि कठिनाइयाँ कोई मायने नहीं रखतीं जब इरादा मजबूत हो।
गांव में खुशी का माहौल
पूजा की इस सफलता पर उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। पूजा के भाई-बहन और रिश्तेदार इस उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। पूजा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि अगर सही मार्गदर्शन और मेहनत हो तो किसी भी परिस्थिति से बाहर निकला जा सकता है।
ये भी देखें : PM Modi का AAP पर निशाना, “आप-दा वाले दिल्ली वालों को पानी के लिए तरसाना चाहते हैं…”


