Bihar News : सासाराम सांसद मनोज कुमार के भाई मृत्युंजय भारती के पैक्स चुनाव जीतने के बाद जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के नाथोपुर गांव के पास स्कूल सेंट जॉन इंटरनेशनल के नजदीक एक हिंसक घटना घटी। जुलूस के दौरान लोगों और विद्यालय के बस चालकों के बीच झड़प हो गई। इसी दौरान सांसद मनोज कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। इस हमले में सांसद के सिर में चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही कैमूर एसपी मोहनिया, डीएसपी मोहनिया, एसडीएम सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। विद्यालय के पास पुलिस को तैनात किया गया है। सांसद को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस की मौजूदगी में छात्रों को सुरक्षित उनके घर भेजा जा रहा है।
चुनाव जीत के बाद जुलूस निकाल रहे थे लोग
सांसद के भाई मृत्युंजय भारती ने बताया कि चुनाव का परिणाम आने के बाद लोग जुलूस निकालकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उनके बस चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब सांसद मनोज कुमार वहां पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, तो उन पर भी हमला कर दिया गया। मृत्युंजय ने बताया कि इसके बाद आठ से दस लोग लाठी-डंडा और भाला लेकर विद्यालय के पास आए और बदमाशी करने लगे।
डीएसपी प्रदीप कुमार ने क्या कहा?
मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि भरीगांवा के लोगों और विद्यालय प्रशासन के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। (Bihar News) इसी बीच झड़प बढ़ गई और लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। सांसद मनोज कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। डीएसपी ने कहा कि घटना का वीडियो और फुटेज मौजूद है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
घटना के बाद मौके पर एसपी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सांसद के समर्थकों ने न्याय की मांग की है और घटना की जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का दावा किया है और विद्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ये भी देखें : PM Modi का AAP पर निशाना, “आप-दा वाले दिल्ली वालों को पानी के लिए तरसाना चाहते हैं…”


