Budget 2025 : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार (01 फरवरी) को बजट 2025 पेश किया, जिसमें बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। चुनावी साल में मोदी सरकार ने बिहार के विकास के लिए बड़े कदम उठाए हैं और माना जा रहा है कि इससे राज्य में विकास के नए रास्ते खुलेंगे। आइए जानते हैं कि बजट 2025 में बिहार को क्या-क्या मिला है।
1. बिहार में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की घोषणा
बिहार में तीन नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की गई है, जो पटना हवाई अड्डे की क्षमता के विस्तार के अतिरिक्त होंगे। इसके साथ ही पटना और बिहटा एयरपोर्ट के अतिरिक्त नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। इस कदम से राज्य में हवाई यातायात की सुविधा बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
2. मखाना बोर्ड की स्थापना
बिहार में मखाना का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है और अब सरकार ने मखाना बोर्ड स्थापित करने की घोषणा की है। इस बोर्ड के माध्यम से मखाना उत्पादक किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे मखाना का उत्पादन बढ़ेगा और इसे और बढ़ावा मिलेगा। इससे राज्य के किसानों की आमदनी में भी इजाफा होगा।
3. फूड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट की स्थापना
बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रोद्योगिकी उद्यमशीलता और प्रबंधन संस्थान (फूड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट) की स्थापना की जाएगी। इससे बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, और किसानों को नए अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही मिथिलांचल में पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए भी वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
4. आईआईटी पटना का विस्तार
बजट में यह भी घोषणा की गई है कि आईआईटी पटना का विस्तार किया जाएगा। नए हॉस्टल बनाए जाएंगे और छात्रावास की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इससे आईआईटी पटना में अधिक छात्रों को प्रवेश मिलेगा और शिक्षा के स्तर को और बेहतर किया जाएगा। वर्तमान में देश भर में 23 आईआईटी हैं, जिनमें छात्रों की संख्या 10 वर्षों में 65 हजार से बढ़कर 1.3 लाख हो गई है। इस विस्तार से पटना आईआईटी में भी छात्रों के लिए सीटें बढ़ेंगी।
5. सस्ते मकान और पर्यटन स्थलों का विकास
बिहार में 50 हजार सस्ते मकान बनाए जाएंगे और 2025 में 40 हजार मकान हैंडओवर किए जाएंगे। इसके साथ ही बिहार में 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा, जो राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देंगे और नए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।
चुनावी राज्य बिहार को बजट 2025 में मिलीं सौगातें
- मखाना बोर्ड की स्थापना
- बिहार में तीन नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की घोषणा
- कोसी नहर परियोजना को आर्थिक मदद
- आईआईटी पटना में हॉस्टल का विस्तार
- 50 हजार सस्ते मकान बनाए जाएंगे
- 2025 में 40 हजार मकान हैंडओवर किए जाएंगे
- 50 पर्यटन स्थलों का विकास