Zomato New Name : ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अपना नाम बदलकर ‘इटरनल’ रख दिया है। कंपनी की बोर्ड ने इस बदलाव को मंजूरी दे दी है और इसका आधिकारिक ऐलान 6 फरवरी को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में किया गया।
जोमैटो के ग्रुप सीईओ और को-फाउंडर दीपिंदर गोयल ने बीएसई को लिखे एक पत्र में इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया “जब हमने ‘ब्लिंकिट’ को खरीदा था, तभी से हमने कंपनी और ब्रांड/ऐप के बीच अंतर करने के लिए इंटरनली ‘इटरनल’ (जोमैटो के बजाय) का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। हम यह भी सोचते थे कि जब एक दिन हम जोमैटो से आगे बढ़कर किसी और प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बना लेंगे, तो हम सार्वजनिक रूप से इस नाम का ऐलान करेंगे। आज मुझे लगता है कि ‘ब्लिंकिट’ के साथ हमने वह मुकाम हासिल कर लिया है। अब हम कंपनी का नाम ‘जोमैटो लिमिटेड’ से बदलकर ‘इटरनल लिमिटेड’ रखना चाहेंगे।”

हालांकि, इस बदलाव का असर जोमैटो ऐप पर नहीं पड़ेगा। ऐप का नाम वही रहेगा, लेकिन स्टॉक टिकर का नाम जोमैटो से बदलकर ‘इटरनल’ कर दिया जाएगा। ‘इटरनल’ कंपनी के चार प्रमुख बिजनेस का प्रतिनिधित्व करेगा—जोमैटो, ब्लिंकिट, डिस्ट्रिक्ट, और हाइपरप्योर।
दीपिंदर गोयल ने बीएसई को भेजे पत्र में यह भी लिखा, “इटरनल एक शक्तिशाली नाम है। सच कहूं तो यह मुझे भी अंदर से डरा देता है। इस पर खरा उतरना मुश्किल है क्योंकि ‘Eternal’ अपने में वादा और विरोधाभास दोनों को समेटे हुए हैं। यह सिर्फ नाम बदलना नहीं है, बल्कि यह एक मिशन स्टेटमेंट है। यह हमें हमारी पहचान की याद दिलाता रहेगा कि हम टिके रहेंगे, इसलिए नहीं कि हम यहां हैं, बल्कि इसलिए कि वहां हमें पहुंचने की जरूरत है।”

कंपनी के शेयर का प्रदर्शन
आज गुरुवार को कंपनी के शेयर में 0.53 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 229.90 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में 64.27 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में जोमैटो का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट टैक्स (PAT) के बाद 57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 138 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू साल-दर-साल 64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,404 करोड़ रुपये हो गया।
ये भी देखें : Yamuna सफाई पर घिरे Arvind Kejriwal; Swati Maliwal ने किया घर के बाहर प्रदर्शन


