Amroha News : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला में स्थित भानपुर रेलवे फाटक के पास एक अजीबो-गरीब घटना घटित हुई, जब रेलवे ट्रैक पर अचानक एक कार आ गई। इस घटना से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कार चालक ने ट्रैक पर कार को करीब 50 मीटर तक दौड़ा दिया और फिर बीच ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गया। इस बीच, दिल्ली की ओर से आ रही मालगाड़ी को जैसे-तैसे रोका गया। पूरी घटना के कारण करीब 35 मिनट तक मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी रही। बाद में नगर पालिका के कर्मचारियों ने हाइड्रा मशीन से कार को हटाया।
ये है पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना रात के समय घटी। गजरौला के भानपुर रेलवे फाटक पर फाटक खुला हुआ था, तभी तेज गति से एक कार वहां आई। कार चालक ने किसी कारणवश गाड़ी को ट्रैक पर पहुंचा दिया और फिर ब्रेक लगाने की बजाय उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इस वजह से कार रेलवे ट्रैक पर करीब 50 मीटर तक दौड़ी।
नशे में था चालक शराब
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कार चालक शराब के नशे में था और उसने गाड़ी को बीच ट्रैक पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब गेटमैन ने ट्रैक पर कार देखी, तो उसने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। उसी समय दिल्ली से आ रही मालगाड़ी की आवाज सुनाई दी, और अधिकारियों ने मालगाड़ी को फाटक से पहले रोकने के प्रयास किए।
मालगाड़ी 35 मिनट तक खड़ी रही
मालगाड़ी को रोकने में कड़ी मशक्कत के बाद करीब 35 मिनट तक वह ट्रैक पर खड़ी रही। इस दौरान रेलवे अफसरों ने नगर पालिका से संपर्क किया और हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को हटवाया। कार को ट्रैक से हटाने के बाद, मालगाड़ी को वहां से रवाना किया गया।
चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने इस घटना के बाद कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में चालक की लापरवाही और शराब के नशे का असर देखा गया, जिसके कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
ये भी देखें : Delhi में बनी BJPकी सरकार, AAP की हार के बाद CM Atishi का बड़ा बयान


