UP News : महाकुंभ के समापन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में सफाई कर्मचारियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। महाकुंभ के दौरान शहर की स्वच्छता बनाए रखने में जुटे यूपी के सफाई कर्मचारियों को 10 हजार रुपये का अतिरिक्त बोनस मिलेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने इन कर्मचारियों के वेतन में भी वृद्धि की घोषणा की है। अब से अप्रैल माह से इन कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 16,000 रुपये प्रति माह होगा।
इसके अलावा महाकुंभ में कार्यरत सभी कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलने की भी घोषणा की गई है। यह लाभ आयुष्मान भारत योजना के तहत दिया जाएगा, जिससे इन कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। अप्रैल से कर्मचारियों के खातों में यह धनराशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी और इसके साथ ही निगम का भी गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “स्वच्छता कर्मियों को पहले 8 से 11 हजार रुपये प्रति माह मिलते थे, लेकिन अब इसे बढ़ाकर कम से कम 16,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा और उन्हें जन आरोग्य बीमा का लाभ भी मिलेगा।”
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि महाकुंभ के दौरान यूपी सरकार ने सफाई और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए किए गए सबसे बड़े समन्वित सफाई अभियान के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। इस सफलता पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और राज्य के DGP प्रशांत कुमार के साथ-साथ प्रदेश के कैबिनेट के अन्य मंत्रियों और अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के साथ भोजन भी किया और उनकी मेहनत की सराहना की।


