UP Weather Update : मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद खाली स्थान को उत्तर पश्चिम से आ रही हवा भर रही है, जिसके कारण हवा की गति तेज हो गई है। इस कारण गुरुवार को भी हवा की रफ्तार अधिक रहेगी, हालांकि बुधवार के मुकाबले यह कुछ कम होगी। बर्फीले इलाकों से होकर आ रही पछुआ हवा ने लखनऊ समेत कई शहरों में सर्दी की वापसी कर दी है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मेरठ में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा।
रात में तापमान में गिरावट
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अगले दो दिन में ज्यादातर जिलों में रात के तापमान में थोड़ी और गिरावट आएगी। वहीं गुरुवार से दिन में तापमान हल्का बढ़ने लगेगा। अगले दो दिन में तापमान पहले जैसी स्थिति में वापस पहुंच जाएगा। इसके बाद, रात के तापमान में भी क्रमिक रूप से बढ़ोतरी होने लगेगी।
पश्चिम यूपी में तेज हवा का असर
वेस्ट यूपी के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को बर्फीली हवाओं की आंधी ने दिन-रात के तापमान को प्रभावित किया। इस बर्फीली हवा के कारण दिन में 2.5 डिग्री और रात में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया, जो मार्च के पहले हफ्ते में तापमान में इस तरह की बड़ी गिरावट का संकेत है।
मौसम विभाग (UP Weather Update) के अनुसार बुधवार को मेरठ में 12 से 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सर्द हवाएं चलती रही। बर्फीली हवाओं की यह आंधी बुधवार रात भी जारी रही और आज भी मेरठ सहित पश्चिम यूपी में तेज बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है। बुधवार को 25 से 45 किमी प्रति घंटे तक तेज आंधी चल सकती है।