Delhi Metro News : दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बुधवार को अपनी गोल्डन लाइन के फेज 4 के विस्तार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डीएमआरसी ने तुगलकाबाद-एयरोसिटी कॉरिडोर पर स्थित वसंत कुंज मेट्रो स्टेशन पर एक अंडरग्राउंड सुरंग का निर्माण पूरा कर लिया है। इस परियोजना की सफलता पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सुरंग शिलान्यास समारोह में भाग लिया और डीएमआरसी तथा परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मनोहर लाल खट्टर का बयान
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मौके पर कहा कि 26 किलोमीटर लंबी गोल्डन लाइन समय पर पूरी हो जाएगी, जिससे दिल्ली के लोगों को आने-जाने में बहुत सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि डीएमआरसी के एयरोसिटी-तुगलकाबाद प्रोजेक्ट के गोल्डन लाइन की सुरंग का काम पूरा हो जाना एक बड़ी खुशी की बात है। इस नई मेट्रो लाइन के बनने से न केवल दिल्ली, बल्कि गुरुग्राम में रहने वालों को भी बड़ा फायदा होगा।
गोल्डन लाइन के लिए इंटरचेंज की सुविधा
मनोहर लाल खट्टर ने आगे बताया कि छतरपुर मेट्रो स्टेशन पर गोल्डन लाइन के लिए इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे गुरुग्राम से भी लोग आसानी से इस मेट्रो लाइन का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गोल्डन लाइन के बनने से पुरानी दिल्ली और जहांगीरपुरी के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, बल्लभगढ़ और आईएसबीटी से आने-जाने वाले लोग भी तुगलकाबाद से इस लाइन से जुड़ सकेंगे।
दिल्ली मेट्रो की 10वीं लाइन
गोल्डन लाइन को आधिकारिक तौर पर दिल्ली मेट्रो की 10वीं लाइन के रूप में पहचाना गया है। पहले इसे सिल्वर लाइन के रूप में नामित किया गया था, लेकिन नवंबर 2023 में इसका रंग कोड बदलकर सोने (गोल्डन) में कर दिया गया और जनवरी 2024 में इसे आधिकारिक तौर पर गोल्डन लाइन नाम दिया गया। इस लाइन पर कुल 15 स्टेशन होंगे और इसका रूट 25.82 किलोमीटर लंबा होगा। गोल्डन लाइन महिपालपुर, छतरपुर, वसंत कुंज, आईसीएनओयू, साकेत और संगम विहार के माध्यम से दिल्ली एयरोसिटी को तुगलकाबाद से जोड़ने का काम करेगी।


