Taj Mahal News : ताजमहल में पर्यटकों के लिए पहले से बंद हिस्सों की सूची में एक नया नाम जुड़ गया है। अब मुख्य मकबरे की पूर्वी दिशा में स्थित मेहमानखाना में पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने मेहमानखाना के सामने स्थित तीनों दरवाजों पर रेलिंग लगाकर वहां प्रवेश को पूरी तरह से रोक दिया है।
इस बदलाव से पर्यटकों में निराशा देखी जा रही है, खासकर उन लोगों के लिए जो मेहमानखाना की दीवारों और छत पर हो रही पेंटिंग्स को देखना चाहते थे। गाइड और पर्यटन संस्थाएं भी इस कदम पर असंतोष जताते हुए इसे पर्यटकों के अनुभव के लिए एक बाधा मान रही हैं।
ताजमहल में मुख्य मकबरे की पश्चिमी दिशा में शाही मस्जिद और पूर्वी दिशा में मेहमानखाना स्थित है। एएसआइ ने पिछले वर्ष मस्जिद में रेलिंग लगाकर पर्यटकों का प्रवेश बंद कर दिया था और अब हाल ही में मेहमानखाना में भी यही कदम उठाया गया है। मेहमानखाना की पश्चिमी दिशा में स्थित मुख्य प्रवेश द्वार और उसके दोनों ओर बने छोटे द्वारों पर भी रेलिंग लगा दी गई है, जिससे पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।
गाइड योगेश शर्मा ने बताया कि मेहमानखाना से सूर्यास्त के समय ताजमहल का दृश्य पर्यटकों के लिए बहुत आकर्षक होता है और इस कारण यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए खोला जाना चाहिए।
इस मामले पर अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कि कर्मचारियों को मेहमानखाना के अंदर रेलिंग इस तरह लगाने को कहा गया था, ताकि पर्यटक दीवारों को छूने से बच सकें। हालांकि, संभवत: रेलिंग की कमी या गलत समझ के कारण कर्मचारियों ने पूरे मेहमानखाना को बंद कर दिया। डॉ. पटेल ने आश्वासन दिया कि इसे शीघ्र ही सही कर लिया जाएगा।
ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही
ताजमहल की सुरक्षा में एक बार फिर सेंध लगी है। मेहताब बाग से ताजमहल के नजदीक एक विदेशी महिला पर्यटक यमुना की तलहटी में उतर गई और वहां ताजमहल के समीप फोटो खींचते हुए वीडियो बनाते हुए लौटते हुए दिखाई दी। यह घटना बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर एक मिनट 32 सेकेंड का वीडियो प्रसारित होने के बाद सामने आई।
यह जगह ताजमहल के यलो जोन में आती है, जहां सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस और पीएसी की है। महिला पर्यटक का फेंसिंग को पार करके ताजमहल के नजदीक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। यदि सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी मेहताब बाग पर ताजमहल की सुरक्षा में सेंध लगने का मामला सामने आया था।


