UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने हाल ही में बैठक के दौरान अफसरों के बार-बार दिल्ली जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अब से कोई भी अधिकारी प्रदेश से बाहर जाने से पहले सक्षम स्तर से अनुमति प्राप्त करेगा। इसके अलावा, दिल्ली में आयोजित किसी भी मीटिंग में कौन सा अधिकारी जा रहा है, उसकी पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भी दी जाएगी।
यह निर्देश मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपनी कैबिनेट के सभी मंत्रियों के साथ आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में दिए। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से भी कहा कि वे अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में लगातार समीक्षा करें, ताकि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की सही स्थिति का आकलन किया जा सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से “10 खरब” तक पहुंचाने की दिशा में लगातार बैठकें करने और योजनाओं की प्रभावी समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, गन्ना, स्वास्थ्य, परिवहन और चिकित्सा सहित लगभग आधा दर्जन विभागों की मासिक समीक्षा बैठक न किए जाने पर मुख्यमंत्री ने असंतोष व्यक्त किया।
महाकुंभ की व्यवस्थाओं को जनता के बीच बताएं
CM Yogi ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में महाकुंभ की तैयारियों और सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं को जनता के बीच प्रचारित करें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वीडियो सामग्री तैयार की जाए और लोगों को यह जानकारी दी जाए कि सरकार ने महाकुंभ के आयोजन में किस प्रकार की व्यवस्थाएं की हैं।
जनता की समस्याओं का करें समाधान
बैठक में मुख्यमंत्री (CM Yogi) को महाकुंभ से संबंधित एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसे जनता को दिखाने के लिए तैयार किया गया है। सीएम ने कहा कि 25 मार्च को उत्तर प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे हो रहे हैं, और इस मौके पर सभी मंत्री जनता के बीच सरकार की आठ साल की उपलब्धियों को प्रस्तुत करें। इसके साथ ही उन्होंने मंत्रियों को यह भी निर्देश दिया कि वे जनता की समस्याओं की सुनवाई करें और उनका समाधान सुनिश्चित करें।


