Railway News : होली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने कई अहम कदम उठाए हैं। इन कदमों में कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश देने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य भीड़ को कम करना और भगदड़ जैसी स्थिति से बचना है। इसका साफ मतलब है कि यदि आपके पास वेटिंग टिकट है, तो आपको स्टेशन पर एंट्री नहीं मिलेगी।
महाकुंभ के दौरान दिल्ली स्टेशन पर हुए हादसे से सबक लेते हुए रेलवे ने विशेष सुरक्षा उपाय किए हैं। अब स्टेशन पर सुरक्षा के लिए कैमरे और वॉर रूम की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा स्टेशन के बाहर वेटिंग एरिया बनाए जाएंगे। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर तब ही जाने दिया जाएगा जब उनकी ट्रेन आने वाली होगी। इस व्यवस्था से सुरक्षा बढ़ेगी और अनावश्यक भीड़ कम होगी।
गैरकानूनी रास्तों को किया जाएगा बंद
रेलवे ने सुरक्षा को बढ़ाने और आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सभी गैरकानूनी रास्तों को बंद करने का निर्णय लिया है। स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा कैमरे लगाए जाएंगे, जो भीड़ पर नजर रखेंगे और किसी भी अप्रिय घटना के होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
जनरल टिकट की बिक्री पर कड़ा नियंत्रण
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुछ ट्रेनों की जनरल बोगियों में अत्यधिक भीड़ होती है, जिससे सीट के लिए मारामारी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा होती है। इस समस्या से निपटने के लिए भागलपुर से रवाना होने वाली ट्रेनों में जनरल टिकटों की बिक्री सीमित की जाएगी। इस कदम से यात्रियों को लंबी यात्रा को आराम से पूरा करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा सामान्य टिकटों की बिक्री को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बिकने वाली टिकटों पर निगरानी रखेगा।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां
आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टेशन डायरेक्टर को अस्थायी तौर पर वित्तीय अधिकार दिए गए हैं। सभी स्टेशन अधिकारी स्टेशन डायरेक्टर को रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा भीड़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए दो एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके।
स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था और देरी
होली के मौके पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, मुंबई सहित अन्य शहरों के लिए पांच होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन स्पेशल ट्रेनों के द्वारा यात्रियों को बेहतर यात्रा का अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, भागलपुर से होली के बाद अधिकांश स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा, लेकिन दूसरे स्थानों से स्पेशल ट्रेनों के संचालन में कुछ समस्याएं आ रही हैं।
पहले ही दिन, नई दिल्ली होली स्पेशल ट्रेन को तीन घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। 04067 नई दिल्ली होली स्पेशल का भागलपुर पहुंचने का निर्धारित समय 4:15 बजे था, लेकिन यह ट्रेन तीन घंटे की देरी से 7:25 बजे पहुंची। इस विलंब के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।


