Maharashtra News : महाराष्ट्र विधान परिषद के उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) ने महायुति कोटे के तहत अपने तीन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा रविवार को कर दी। पार्टी ने संदीप दिवाकर राव जोशी, संजय किशन राव केनेकर और दादा राव यादव राव केचे को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। इस बारे में जानकारी पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने दी। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन तीनों प्रत्याशियों के नाम पर अपनी सहमति भी दे दी है।
महायुति कोटे के तहत भाजपा को 5 में से 3 सीटें मिली हैं, जबकि सत्ताधारी गठबंधन महायुति में बाकी दो सीटों में से एक-एक सीट शिवसेना-एनसीपी को मिली है। अब यह सवाल भी उठ रहा है कि शिवसेना शिंदे और एनसीपी अजित पवार से विधान परिषद में कौन जाएगा, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
सीएम के करीबी हैं संदीप जोशी
महाराष्ट्र विधान परिषद उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार संदीप जोशी नागपुर से आते हैं। उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर से आने वाले संजय केनेकर ने पार्टी में महासचिव पद पर अच्छा काम किया है। विधानसभा चुनाव में दादाराव केचे को टिकट नहीं मिला था, हालांकि वह टिकट के प्रमुख दावेदार थे। अब पार्टी ने उन्हें विधान परिषद में भेजने का फैसला लिया है।
मतदान 27 मार्च को
महाराष्ट्र विधान परिषद की खाली 5 सीटों के उपचुनाव 27 मार्च 2025 को होंगे। महाराष्ट्र चुनाव आयोग के अनुसार, 27 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक पांचों सीटों के लिए मतदान किया जाएगा। शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और काउंटिंग के बाद विजेता उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव की प्रक्रिया 29 मार्च 2025 को समाप्त हो जाएगी।
विधान परिषद की खाली सीटें
दरअसल महाराष्ट्र (Maharashtra) विधान परिषद की 5 सीटें अमाशा पडवी, प्रवीण दटके, राजेश विटेकर, रमेश कराड और गोपीचंद पडलकर के विधानसभा चुनाव जीतने के कारण खाली हुई हैं। महाराष्ट्र विधान परिषद में कुल 78 सदस्य होते हैं, जिनमें से 66 सदस्य मतदान की प्रक्रिया से चुने जाते हैं, जबकि 12 सदस्य राज्यपाल द्वारा मनोनीत किए जाते हैं।


