UP News : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब बिजली लोड बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने इसके लिए नई प्रक्रिया शुरू की है, जिससे अब उपभोक्ताओं को बिना बिजली दफ्तर गए अपना लोड बढ़ाने की सुविधा मिल सकेगी।
प्रदेश के उपभोक्ता अब www.uppcl.org पर जाकर “लोड परिवर्तन अनुरोध” के लिंक पर क्लिक करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस नई डिजिटल प्रक्रिया के बारे में UPPCL के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने कहा कि योगी सरकार पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि इस प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को तेज, सुचारु और समयबद्ध सेवा मिलेगी, जिससे उनका अनुभव और बेहतर होगा।
UP में लाखों बिजली उपभोक्ताओं को होगा फायदा
इस फैसले से प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को फायदा होगा। पहले जहां उपभोक्ताओं को लोड बढ़ाने के लिए बिजली दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब वे आसानी से और बिना किसी परेशानी के अपना लोड बढ़ा सकेंगे। खासकर गर्मी के मौसम में, जब लोग अपने घरों में अधिक बिजली के उपकरणों का उपयोग करते हैं, तो लोड बढ़ाने की आवश्यकता होती है। ऐसे में इस नई ऑनलाइन प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को बहुत सहूलियत होगी।
गर्मी के चलते लोग अब अपने घरों में अधिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे एसी, कूलर, पंखे आदि का इस्तेमाल बढ़ाते हैं, जिससे बिजली का लोड भी बढ़ता है। अब वे बिना किसी कठिनाई के अपनी जरूरत के अनुसार लोड बढ़ा सकते हैं। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जो गर्मी के दौरान अपने घरों में अधिक बिजली का उपयोग करते हैं और लोड बढ़ाने के लिए बिजली दफ्तर के चक्कर नहीं लगाना चाहते।


