Sonbhadra News : उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा में तीन सगी बहनों ने अंतिम रूप से चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि जिले का नाम भी रोशन किया है। ये बहनें एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। इनके पिता एक किसान हैं, जबकि इनके दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रह चुके हैं। ग्रामीण परिवेश और पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयों के बावजूद इन बहनों ने सिपाही भर्ती परीक्षा पास की है। इनकी सफलता से न केवल उनके गांव बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है, और लोग बधाई देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
किसान की बेटी ने हासिल की जीत
सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के करकी गांव निवासी तीन बहनें—आराधना पटेल, मंजू पटेल और सुमन सिंह पटेल ने सिपाही भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इन बहनों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के पास स्थित हंसवाहिनी इंटर कॉलेज से प्राप्त की और इसके बाद पास ही स्थित जेएसपी डिग्री कॉलेज से बीए किया। फिर इन्होंने ऑनलाइन माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और आज सफलता की ऊंचाइयों को छुआ।
पिता की मेहनत का फल
इन बहनों में से सुमन सिंह पटेल की शादी वर्ष 2020 में हुई थी, फिर भी इस वर्ष इन तीनों ने सिपाही भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त की। तीनों बहनें अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देती हैं। उनका कहना है कि उनके पिता ने हमेशा मेहनत और समर्पण के साथ उन्हें पढ़ाया और कभी भी पढ़ाई में विघ्न नहीं डाला। इसके साथ ही उनका कहना है कि उनके दादा का आशीर्वाद भी उन्हें हमेशा प्राप्त था, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे थे।
पढ़ाई के साथ खेल-कूद में भी रुचि
इन बहनों के शिक्षक हंसवाहिनी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्रा ने बताया कि तीनों बहनों की रुचि केवल पढ़ाई में ही नहीं बल्कि खेलकूद में भी थी। वे हमेशा खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेती थीं। उनके विद्यालय जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन था।
ये भी देखें : ED ने Lalu Prasad को भेजा समन, Tej Pratap और Rabri Devi से हो सकती है पूछताछ


