Kunal Kamra : कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। बुधवार को उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक नया ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने माफी मांगी और एक दिलचस्प प्रस्ताव भी रखा। कुणाल ने लिखा, “मेरा शो अटैंड करने के बाद आपको जो भी परेशानी हुई उसके लिए मैं माफी मांगता हूं। प्लीज मुझे मेल करिए ताकि मैं आपके लिए एक वेकेशन प्लान कर सकूं। पूरे देश में कहीं भी, जहां आप जाना चाहते हों।”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कुणाल कामरा ने हाल ही में अपने स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान कुछ विवादित बयान दिए थे, जिनकी वजह से वह चर्चा में आ गए हैं। इन बयानों के बाद उनके खिलाफ जांच चल रही है। मुंबई पुलिस ने उन सभी दर्शकों को नोटिस जारी किया है जो कुणाल के शो में मौजूद थे। इनमें एक मुंबई का बैंकर भी शामिल था, जो हाल ही में तमिलनाडू और केरल की यात्रा पर गया था। जब पुलिस ने इस बैंकर को नोटिस भेजा, तो उसे गवाही देने के लिए मुंबई लौटना पड़ा। अब, अपने ट्वीट में कुणाल ने उसी बैंकर से माफी मांगी है और उसकी यात्रा को स्पॉन्सर करने की बात कही है।
पुलिस ने जारी किया तीसरा समन
कुणाल कामरा को महाराष्ट्र पुलिस ने तीसरा समन जारी किया है। पुलिस ने उन्हें पांच अप्रैल को खार थाने में पेश होने का निर्देश दिया है। पुलिस ने बताया कि 36 साल के कुणाल कामरा के खिलाफ पिछले महीने एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस ने दो बार उन्हें समन भेजा था, लेकिन कामरा अब तक पुलिस के सामने पेश नहीं हुए हैं।
वरुण ग्रोवर ने किया सपोर्ट
कॉमेडियन कुणाल कामरा को बॉलीवुड के मशहूर पटकथा लेखक और गीतकार वरुण ग्रोवर ने समर्थन दिया है। कामरा के शो में जो विवादित बयान दिए गए थे, उस प्रोग्राम में उपस्थित दर्शकों को मुंबई पुलिस ने समन भेजा है। इस पर तंज करते हुए वरुण ग्रोवर ने कहा कि मुंबई पुलिस को दर्शकों को समन भेजने के बजाय खुद उस प्रोग्राम में शामिल होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पुलिस को दर्शकों से पूछताछ करने के बजाय खुद उन जोक्स पर अपना फैसला देना चाहिए था।
क्या है विवाद?
कुणाल कामरा का यह विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने महाराष्ट्र के एक नेता पर टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के बाद शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की मेज़बानी करने वाले स्टूडियो में तोड़फोड़ की थी। कामरा के खिलाफ मुंबई और शिवसेना के राजनीतिक गढ़ ठाणे के अन्य पुलिस थानों में अलग-अलग एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।


