Lalu Yadav : राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत आज अचानक बिगड़ने पर उन्हें पटना के पारस अस्पताल लाया गया। इलाज के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार है और वह स्थिर हैं। इस संबंध में उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने जानकारी दी और बताया कि कई दिनों से उनके कंधे और हाथ में जख्म थे, जिसके चलते उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही थी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद का रक्तचाप (बीपी) लगातार कम हो रहा था। “आज उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाना था, लेकिन अचानक उनका बीपी 88/44 हो गया। इसलिए, हम उन्हें पारस अस्पताल ले आए, ताकि बीपी और ना गिरे। किडनी का ट्रांसप्लांट और हार्ट की सर्जरी पहले ही हो चुकी है, लेकिन अभी वो स्टेबल हैं और धीरे-धीरे ठीक हो जाएंगे।” तेजस्वी ने यह भी कहा कि शाम 7 बजे तक उन्हें दिल्ली भेजने की योजना है।
पारस अस्पताल के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. प्रकाश सिन्हा ने कहा, “लालू जी को बुखार भी था, और उन्हें दवा दी गई थी। जब वह अस्पताल पहुंचे, तो उनका स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर था, लेकिन दवा का असर जल्दी दिखा। अब उनका स्वास्थ्य ठीक हो गया है और उनका बीपी भी सामान्य हो गया है। वह अब सब से बात कर रहे हैं और उनका स्वास्थ्य सुधार की दिशा में है।”


