Manav Sharma Suicide Case : टीसीएस में रिक्रूटमेंट मैनेजर रहे मानव शर्मा सुसाइड केस में अहम मोड़ आ गया है। उनकी पत्नी निकिता शर्मा को 40 दिन की फरारी के बाद गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने निकिता के साथ उसके पिता नृपेंद्र शर्मा को भी हिरासत में लिया है। दोनों को आगरा लाया जा रहा है और आज कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार, बाप-बेटी अहमदाबाद में छिपकर रह रहे थे। जैसे ही पुलिस को दोनों की लोकेशन का इनपुट मिला, टीम एक्टिव हो गई और दोनों को दबोच लिया। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पहले मां और बहन को किया था गिरफ्तार
इस मामले में पहले ही 13 मार्च को निकिता की मां और बहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दोनों फिलहाल जेल में हैं।
क्या थी पूरी घटना?
सदर थाना क्षेत्र के डिफेंस कॉलोनी निवासी एयरफोर्स से रिटायर्ड नरेंद्र कुमार शर्मा के इकलौते बेटे मानव शर्मा का शव 24 फरवरी की सुबह घर में फंदे से लटका मिला था। मानव मुंबई में टीसीएस कंपनी में रिक्रूटमेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
23 फरवरी को मानव अपनी पत्नी निकिता को उसके मायके, बरहन छोड़कर आए थे। उसी रात वे आगरा लौटे और डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने घर में एक वीडियो रिकॉर्ड किया। इस वीडियो में उन्होंने अपनी आत्महत्या के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया था और अपने परिवार से माफी मांगी थी। उन्होंने वीडियो में यह भी कहा था कि पत्नी का किसी और से अफेयर था और उन्होंने अपील की थी कि “प्लीज़ मर्दों के बारे में भी कोई बात करे।”
मोबाइल में मिला था सुसाइड वीडियो
मानव की बहन आकांक्षा को 27 फरवरी को भाई के मोबाइल में वह वीडियो मिला, जिसे देखने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने सदर थाने में बहू निकिता शर्मा, उसके पिता नृपेंद्र शर्मा, मां और बहनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
सदर थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में केस दर्ज किया। घटना के कुछ ही दिन बाद 28 फरवरी को निकिता अपने पिता के साथ फरार हो गई थी। अब 40 दिन बाद दोनों को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया है।