Hyderabad Hair Loss Scam : हैदराबाद में एक अजीबोगरीब ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें दिल्ली के एक जालसाज ने गंजे लोगों को अपना शिकार बनाया। आरोपी ने शहर के तमाम गंजे व्यक्तियों को टारगेट किया, जो अपने सिर पर बाल उगाने की इच्छा रखते थे। इस ठग ने सोशल मीडिया पर प्रचार कर इन लोगों को एक सैलून में बुलाया और फिर मुंडन कराकर उनकी सिर पर एक तरल पदार्थ लगाया, इसके बदले हर व्यक्ति से 300 से 400 रुपये ऐंठे। लेकिन कुछ ही दिनों बाद जब इन लोगों के सिर पर बाल नहीं आए, तो उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं।
सोशल मीडिया प्रचार और दावा
आरोपी ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन डाला था, जिसमें उसने दावा किया था कि उसके पास ऐसी खास दवा है, जो गंजे सिर पर भी बाल उगाने में सक्षम है। इस दावे के समर्थन में बिग बॉस के एक प्रतियोगी ने भी बयान दिया था, जिसमें उसने कहा था कि वह भी पहले गंजा था, लेकिन इस दवा के इस्तेमाल से उसके सिर पर बाल उग आए। आरोपी ने फिर एक पोस्ट में यह जानकारी दी कि वह हैदराबाद आने वाला है, और जो लोग गंजेपन से परेशान हैं, वे उसके इलाज का लाभ उठा सकते हैं। इसके बाद हजारों लोग सैलून के बाहर लाइन में खड़े हो गए।
300-400 रुपये में मुंडन और तरल पदार्थ का लेन-देन
आरोपी ने इन लोगों से 300 से 400 रुपये की फीस ली और फिर सैलून में उनका मुंडन करवाया। इसके बाद उसने सभी लोगों के सिर पर एक तरल पदार्थ लगाया और दावा किया कि इससे उनके सिर पर बाल उगेंगे। साथ ही, आरोपी ने कहा कि सिर को एक महीने तक गीला रखना होगा, और इसके लिए उसने सभी को पगड़ी पहनने के लिए कहा, ताकि सिर पर पानी छिड़कने में कोई परेशानी न हो।
फफोले पड़े सिर पर
जब एक महीने बाद लोग अपनी पगड़ी हटाकर सिर चेक करने गए, तो उन्हें पता चला कि उनके सिर पर बाल नहीं आए, बल्कि सिर में फफोले पड़ गए थे। इसके बाद लोगों ने आरोपी और सैलून वाले की तलाश शुरू की और अपनी शिकायत पुलिस में दी। जांच के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली कि उन्होंने ठगी का शिकार हो चुके थे।
पुलिस की जांच जारी
इस मामले (Hyderabad Hair Loss Scam) के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी फरार हो चुका है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इस ठगी ने न सिर्फ लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया, बल्कि उनके विश्वास को भी तोड़ा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


