Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखे हमले किए। उन्होंने पश्चिम बंगाल की हिंसा से लेकर उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा, वक्फ संशोधन कानून और भूमि कब्जे के मुद्दों पर बीजेपी को जमकर घेरा।
पश्चिम बंगाल और कन्नौज हिंसा पर अखिलेश का बयान
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा को लेकर कहा कि वहां जांच और कार्रवाई चल रही है और कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि “जहां भी दंगे होते हैं, उसके पीछे बीजेपी का हाथ होता है।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश के कन्नौज में हुई हिंसा की ओर इशारा करते हुए कहा, “बीजेपी की साजिश के तहत एक गरीब व्यक्ति से धार्मिक स्थल में जानवर का मांस फेंकवाया गया, जिससे सांप्रदायिक तनाव भड़क गया। कन्नौज की हिंसा में 17 बीजेपी नेताओं को जेल भेजा गया और उन पर एनएसए के तहत कार्रवाई भी की गई।”
“इतिहास को इतिहास ही रहने दो”
राणा सांगा और औरंगजेब विवाद पर पूछे गए सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा, “जो इतिहास हमारे विकास को रोकता है, जो हमारे बीच मनमुटाव पैदा करता है, वह इतिहास सिर्फ इतिहास रहना चाहिए, उस पर बहस की ज़रूरत नहीं।”
बीजेपी को बताया ‘भूमाफिया पार्टी’
Akhilesh Yadav ने बीजेपी को ‘भूमाफिया पार्टी’ करार देते हुए कहा, “बीजेपी जमीनी नहीं, बल्कि भूमाफिया पार्टी है। जहां जमीन दिखती है, वहां कब्जा कर लेती है। प्रयागराज में भी बड़े पैमाने पर जमीन पर कब्जे किए गए हैं, अगर पीडीए से सूची मंगाई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी तालाबों, सरकारी जमीनों और झगड़े की जमीनों पर भी पुलिस के सहारे कब्जा करवा रही है।
वक्फ कानून, जीएसटी और आरक्षण पर भी हमला
वक्फ संशोधन कानून को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, “हम शुरुआत से ही इसके खिलाफ हैं। बीजेपी हमेशा छीनने की राजनीति करती है। पहले नोटबंदी की, फिर जीएसटी लागू किया, जिससे व्यापार पूरी तरह बर्बाद हो गया।”
उन्होंने कहा, “बीजेपी ने एंग्लो इंडियन समुदाय का आरक्षण भी खत्म कर दिया, जबकि लोकसभा और विधानसभा में उनके लिए एक-एक सीट थी। अब विश्वविद्यालयों और आयोगों में भी आरक्षण को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है।”
बौद्ध और जैन धर्म पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा सरकार पर धार्मिक स्थलों को छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि “बौद्ध धर्म के धार्मिक स्थलों को सरकार हथियाने में लगी है। जैन धर्म के अनुयायी जो हमेशा सत्य, अहिंसा और करुणा का मार्ग अपनाते हैं, आज सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए हैं।”
ये भी देखें : CM योगी ने गोरखपुर में नन्हे बच्चों के साथ शेयर किया क्यूट मूमेंट, कैमरे में हुआ कैद


