Rahul Gandhi : उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका दौरे को लेकर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर बार विदेश जाकर भारत माता को लज्जित करने का काम करते हैं। मंत्री ने उन्हें ‘नकली गांधी’ और ‘फसली हिंदू’ करार देते हुए उनकी धार्मिक पहचान और राजनीतिक मंशा पर भी सवाल खड़े किए।
मंत्री ने कहा, “जब जरूरत होती है, तब टोपी पहन लेते हैं और जब जरूरत पड़ती है, तो उल्टा जनेऊ पहन लेते हैं। बिटिया का नाम मारिया और बेटे का नाम रेहान रखा जाता है। इतने रूप बदलना भारतीय संस्कृति में नहीं आता। इससे संदेह होता है कि वह भारतीय हैं भी या नहीं।”
यह बयान उस वक्त आया है जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। मंत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय ने इस प्रकरण में केंद्र सरकार से रिपोर्ट मांगी है और जल्द ही इस पर निर्णय आना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भारतीय नहीं पाए जाते हैं, तो यह देश के साथ सबसे बड़ा धोखा होगा।”
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा पुलिस विभाग में जातिगत आधार पर पोस्टिंग के आरोपों को लेकर दिनेश प्रताप सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति मुख्यमंत्री रह चुका है, उससे उम्मीद नहीं की जाती कि वह दरोगा की जाति पूछे। सेवा, कर्तव्य और आचरण की बात करें, जाति की नहीं। यह बयान बेहद निम्न स्तर का और असत्य है।”
मंत्री ने आरोप लगाया कि यह बयान केवल कुंठित मानसिकता का परिणाम है और सस्ती लोकप्रियता पाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि समाज एक था, एक है और एक रहेगा।
आरक्षण और भ्रष्टाचार पर सरकार का रुख स्पष्ट
उत्तर प्रदेश में आरक्षण नीति को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने संवैधानिक आधार पर हर वर्ग को उसका हक दिया है। “अगर किसी स्थान पर कोई सवाल उठता है, तो वहां उचित कार्रवाई की जाएगी। हमारी सरकार ने कभी किसी का अहित नहीं किया है,” उन्होंने कहा।
बिजली बिलों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर मंत्री ने सफाई दी कि सरकार जनता से जो भी टैक्स लेती है, वह पूरी तरह से जनता की सेवा में खर्च होता है। “हमारी सरकार में किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है, जबकि पिछली सरकारों में कई नेताओं पर गंभीर आरोप लगे हैं।”
ये भी देखें : CM योगी ने गोरखपुर में नन्हे बच्चों के साथ शेयर किया क्यूट मूमेंट, कैमरे में हुआ कैद


