Jammu Kashmir Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकियों ने सोमवार को एक कायराना हमला करते हुए पर्यटकों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, हमलावर पुलिस की वर्दी में थे और उन्होंने बैसरन घाटी में घास के मैदान में घुड़सवारी का आनंद ले रहे पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को त्वरित उपचार के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पाकिस्तान का हाथ होने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक इस आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन TRF (The Resistance Front) का हाथ हो सकता है। पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान बैसरन घाटी में गोलियों की आवाजें सुनी गईं और हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से पर्यटकों को निशाना बनाया। इस हमले को ऐसे समय अंजाम दिया गया है जब घाटी में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों की तत्परता
हमले के तुरंत बाद सीआरपीएफ की क्विक रिएक्शन टीम को मौके पर भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने भी मदद का हाथ बढ़ाते हुए घायलों को खच्चरों के माध्यम से नीचे लाने में सहयोग किया। घटनास्थल को पूरी तरह से घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
‘ऐसी हिंसा अस्वीकार्य है’ – महबूबा मुफ्ती
हमले की खबर मिलते ही जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करती हूं, जिसमें पर्यटकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। ऐसी हिंसा अस्वीकार्य है और इसकी निंदा की जानी चाहिए।”
वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा, “पाकिस्तान नहीं चाहता कि कश्मीर में पर्यटन बढ़े। यह हमला सिर्फ पर्यटकों और स्थानीय लोगों पर नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था और अमन-चैन पर सीधा हमला है। हो सकता है कि पाकिस्तान इस साल अमरनाथ यात्रा को भी बाधित करना चाहता हो।”
हमलावरों की तलाश जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश जारी है। साथ ही पहलगाम क्षेत्र में सुरक्षा और चौकसी को और मजबूत किया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की है।
ये भी देखें : CM योगी ने गोरखपुर में नन्हे बच्चों के साथ शेयर किया क्यूट मूमेंट, कैमरे में हुआ कैद


