Kisan Andolan News : पंजाब में एक बार फिर किसान आंदोलन को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। छह मई को संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) द्वारा घोषित शंभू पुलिस थाने के घेराव से पहले राज्यभर में पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। फरीदकोट, लुधियाना, पटियाला, मोगा और अन्य जिलों में करीब 25 से अधिक किसान नेताओं को नजरबंद या हिरासत में लिया गया है, जिससे किसान संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जगजीत सिंह डल्लेवाल घर में नजरबंद
फरीदकोट में भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धपुर) के प्रांतीय अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल को सोमवार सुबह उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा शंभू थाने के प्रस्तावित घेराव के मद्देनजर की गई। डल्लेवाल ने प्रशासन की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि यह जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि मोर्चा केवल एक दिन का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना चाहता था, लेकिन सरकार किसानों को उनका हक मांगने से रोक रही है।
लुधियाना में दिलबाग सिंह नजरबंद
किसान मजदूर यूनियन के प्रधान दिलबाग सिंह को लुधियाना के जीवनपुर स्थित उनके आवास पर ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। उनके घर के बाहर सुरक्षा घेरा बनाकर किसी भी व्यक्ति को आने-जाने से रोक दिया गया है। सोशल मीडिया पर दिलबाग सिंह ने जानकारी साझा करते हुए आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान उनकी ट्रालियां और लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया, जिसकी अब तक भरपाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान की सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि पंजाब में किसी भी ऐसे प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी जिससे सड़कें या रेलमार्ग अवरुद्ध हों या आम जनता की दैनिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि विरोध करने के और भी तरीके हैं, जनता को परेशान करना उचित नहीं है। सरकार ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
विभिन्न जिलों में हुई कार्रवाई
किसान नेता तेजवीर सिंह पंजोखड़ा ने बताया कि सोमवार तड़के से लेकर अब तक राज्यभर में करीब 25 किसान नेताओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
- दिलबाग सिंह गिल (लुधियाना)
- जसविंदर कौर (लुधियाना)
- मलकीत सिंह (फिरोजपुर)
- मनजीत सिंह राय (होशियारपुर)
- करनैल सिंह लंग (पटियाला)
- बलवंत सिंह बहरामके (मोगा)
- गुरदेव सिंह शाह वाला और हरबंस सिंह शाहवाला (मोगा) – तड़के गिरफ्तार
जत्थेबंदियों की चेतावनी
पुलिस कार्रवाई से आक्रोशित किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रदेश नेता सतनाम सिंह पन्नू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसान न डरेंगे और न ही झुकेंगे। छह मई को शंभू थाने के बाहर शांतिपूर्ण धरना हर हाल में दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार का दमन जारी रहा तो सात मई को अमृतसर-दिल्ली रेलमार्ग जाम किया जाएगा।
किसान ने 6 मई को शंभू थाने के घेराव का किया था एलान
गौरतलब है कि हाल ही में शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान मोर्चा समाप्त करवाने के दौरान किसानों की ट्रॉलियां और अन्य सामान चोरी या नष्ट हो गया था। पुलिस द्वारा मामूली कार्रवाई के बाद भी अधिकतर किसानों को उनका सामान वापस नहीं मिला। इसी मुद्दे को लेकर किसान संगठनों ने छह मई को शंभू थाने के घेराव का एलान किया था।


