Mock Drill: पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत हुई एयर स्ट्राइक के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में गौतमबुद्ध नगर में भी पुलिस और प्रशासन ने अपनी तैयारियों की जमीनी हकीकत परखने के लिए मॉल, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल्स का आयोजन किया। इन अभ्यासों का उद्देश्य आम जनता को सतर्क बनाना और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता की जांच करना है।
गौड़ सिटी मॉल में हाई अलर्ट मॉक ड्रिल
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट को हाई अलर्ट पर रखते हुए कई अहम स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई। गौड़ सिटी मॉल में जैसे ही सायरन बजा, मॉल की बिजली तुरंत काट दी गई और मौजूद लोगों को सतर्क कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान बम निरोधक दस्ता (BDS) और स्थानीय पुलिस टीम पूरी तरह से सक्रिय रही। मॉल में मौजूद लोगों को आपातकालीन गेट के रास्ते बाहर निकाला गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रही और इवैक्यूएशन प्लान के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
स्कूलों में भी बच्चों को किया गया जागरूक
सिर्फ मॉल ही नहीं, नोएडा के सरकारी स्कूलों में भी इस अभियान के तहत विशेष मॉक ड्रिल्स कराई गईं। सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में फायर सेफ्टी टीम ने बच्चों को आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में बताया। बच्चों को आग लगने, भूकंप या आतंकी हमले जैसी स्थितियों में खुद को और दूसरों को कैसे सुरक्षित निकालना है, इस बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
डीसीपी शक्ति अवस्थी ने दी जानकारी
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने कहा कि इस तरह के अभ्यास आम जनता को सजग बनाने के लिए बेहद जरूरी हैं। “हम चाहते हैं कि हर नागरिक किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हो। यह (Mock Drill) सिर्फ एक अभ्यास नहीं, बल्कि जनता और सुरक्षाबलों दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षण है।”
जिलेभर में जारी रहेंगे अभ्यास
गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन का कहना है कि इस तरह की मॉक ड्रिल्स से न केवल लोगों को सतर्कता और आत्मविश्वास मिलता है, बल्कि सुरक्षाबलों की तत्परता और समन्वय की भी परीक्षा होती है। प्रशासन ने जानकारी दी है कि आने वाले दिनों में अन्य प्रमुख स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मेट्रो स्टेशन और बड़े बाजारों में भी इसी तरह के मॉक अभ्यास जारी रखे जाएंगे।
इन तैयारियों से साफ है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, और जनता को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


