Indian Railways: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम यात्रियों पर भी साफ दिखने लगा है। सीमा पार से हो रही लगातार गोलीबारी और ड्रोन हमलों के बीच लोग उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की यात्राएं निरस्त करने लगे हैं। युद्ध जैसे माहौल और सीमावर्ती इलाकों में बनी अस्थिरता के कारण अब तक कुल 1882 यात्रियों ने अपनी ट्रेन टिकट रद्द करवा दी है।
सीमावर्ती इलाकों में हालात गंभीर
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की घटनाएं सामने आई हैं, जिनका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जिससे गर्मी की छुट्टियों में पर्यटन, निजी कार्य और तीर्थ यात्रा के उद्देश्य से जाने वाले लोग अब अपनी योजनाएं रद्द कर रहे हैं।
लखनऊ से रोजाना 1500 यात्री करते हैं जम्मू की यात्रा
रेलवे (Indian Railways) अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ से जम्मू के लिए अमरनाथ एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी, बेगमपुरा और माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन विभिन्न दिनों में होता है। आमतौर पर लखनऊ से प्रतिदिन औसतन 1500 यात्री जम्मू के लिए रवाना होते हैं। वहीं, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के जरिए चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की संख्या भी कम नहीं है। लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए इन रूटों पर यात्रियों का भरोसा डगमगाने लगा है।
IRCTC एप से की जा रही हैं कैंसिलेशन
सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में जिन यात्रियों ने अगले सप्ताह के भीतर जम्मू और चंडीगढ़ के लिए टिकट बुक कराए थे, उनमें से अब तक 1882 यात्री अपनी बुकिंग रद्द करवा चुके हैं। इनमें से अधिकतर यात्रियों ने आईआरसीटीसी के एप के माध्यम से कैंसिलेशन किया है। इसके अलावा, शुक्रवार को लखनऊ के चारबाग समेत अन्य रेलवे स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों पर भी टिकट निरस्तीकरण की लंबी कतारें देखी गईं।
अमरनाथ यात्रा को लेकर उत्साह कायम
हालांकि सीमा पर तनाव के बावजूद अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं और प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतज़ाम भी बढ़ाए जा रहे हैं। फिलहाल, हालात को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।


