India Pakistan News: भारत और पाकिस्तान के बीच कल शाम पांच बजे घोषित किए गए युद्धविराम (सीजफायर) की विश्वसनीयता पर एक बार फिर पाकिस्तान ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सीजफायर की घोषणा के महज तीन घंटे बाद ही पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी आदत के मुताबिक वादा तोड़ते हुए सीमा पर गोलीबारी और ड्रोन अटैक शुरू कर दिए।
कई इलाकों में ड्रोन और गोला-बारी
सीजफायर तोड़ने की शुरुआत जम्मू-कश्मीर से हुई, जहां बारामूला और श्रीनगर में पाकिस्तानी ड्रोन गतिविधियां देखी गईं। सुरक्षाबलों ने सतर्कता दिखाते हुए इन ड्रोन को मार गिराया। इसके अलावा अखनूर, राजौरी और आरएस पुरा सेक्टरों में पाकिस्तान की ओर से तोपों से गोला-बारी की गई। पलांवाला सेक्टर से भी इसी तरह की खबरें सामने आईं।
ड्रोन हमले की घटनाएं सिर्फ जम्मू-कश्मीर तक सीमित नहीं रहीं। राजस्थान के पोखरण में एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया गया। वहीं पंजाब के गुरदासपुर, फिरोजपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर और फरीदकोट में भी ड्रोन देखे गए, जिससे इन इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रहना पड़ा।
विदेश मंत्रालय की आपात प्रेस कॉन्फ्रेंस
सीजफायर के उल्लंघन के बाद भारत सरकार की ओर से रात 11 बजे विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पाकिस्तान के इस कदम की कड़ी निंदा की और कहा कि “पाकिस्तान को तुरंत सीजफायर उल्लंघन बंद करना चाहिए और ठोस कदम उठाने चाहिए।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय सेना को पूरी छूट दे दी गई है कि वो सीमा पर हो रही हर गतिविधि का सख्त और निर्णायक जवाब दे सके। उन्होंने बताया कि सेना पैनी निगरानी रख रही है और ठोस कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एक बार फिर भरोसे की हार
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच 86 घंटे तक चले संघर्ष के बाद कल शाम पाँच बजे सीजफायर पर सहमति बनी थी। लेकिन पाकिस्तान ने सिर्फ तीन घंटे के भीतर ही इस समझौते का उल्लंघन कर दिया। ड्रोन हमले और गोलीबारी ने यह साफ कर दिया है कि पाकिस्तान की नीयत पर अब भी भरोसा नहीं किया जा सकता।
भारतीय सेना सतर्क
सीजफायर टूटने के बाद भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं। रातभर सभी सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान की नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।


