Operation Sindoor: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने निर्णायक कदम उठाते हुए 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इस जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया और 100 से अधिक आतंकियों को ढेर कर दिया। अब इस अभियान पर देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान सामने आया है।
लखनऊ से दी कड़ी चेतावनी
लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन और टेस्टिंग फैसिलिटी के उद्घाटन के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,”ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने आतंकियों को करारा जवाब दिया है। इस ऑपरेशन को अंजाम देकर हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत आतंक के खिलाफ अब केवल बोलता नहीं, कार्रवाई करता है।”
आम नागरिकों पर हमला करने का आरोप
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान की सेना को जमकर लताड़ लगाते हुए कहा कि, “भारतीय सेना ने पाकिस्तान में केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन पाकिस्तानी सेना ने अपनी कायरता दिखाते हुए आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर को निशाना बनाया है।”
शौर्य और संयम का परिचय
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि, “भारतीय सेना ने न सिर्फ साहस और पराक्रम का प्रदर्शन किया, बल्कि संयम का भी परिचय दिया। सेना ने सीमावर्ती सैन्य ठिकानों तक ही सीमित न रहते हुए रावलपिंडी तक अपनी धमक पहुंचाई है, जहां पाकिस्तानी सेना का मुख्यालय स्थित है।”
“ये नया भारत है”
राजनाथ सिंह ने आतंक के खिलाफ भारत की नीति को स्पष्ट करते हुए कहा, “उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक और अब पहलगाम की घटना के बाद मल्टीपल स्ट्राइक्स ये सभी उदाहरण हैं कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करता।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए कहा कि, “यह नया भारत है जो आतंकवाद के खिलाफ सरहद के इस पार और उस पार दोनों जगह एक जैसा सख्त रुख अपनाता है।”


