Ramakant Yadav: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में 19 साल पुराने पवई चौक चक्का जाम मामले में मंगलवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक और पूर्व सांसद रमाकांत यादव समेत चार आरोपियों को तीन-तीन महीने की सजा और 1300 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। यह निर्णय न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुपम त्रिपाठी ने सुनाया।
क्या है मामला?
यह मामला 22 फरवरी 2006 का है, जब रमाकांत यादव ने अपने समर्थकों के साथ पवई चौक पर विभिन्न मांगों को लेकर चक्का जाम किया था। इस प्रदर्शन के चलते यातायात प्रभावित हुआ और कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस पर तत्कालीन थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने रमाकांत यादव सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इनमें राधेश्याम, रामकृपाल, दयाराम भास्कर, रामकिशन राजभर, रामफल और त्रिवेणी के नाम शामिल थे। मुकदमे की प्रक्रिया के दौरान आरोपी राधेश्याम की मृत्यु हो गई।
दो ने मानी थी गलती
साल 2022 में दो आरोपियों, रामफल और त्रिवेणी ने अदालत में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था, जिसके बाद उन्हें केवल 1500 रुपये जुर्माने की सजा देकर छोड़ दिया गया। शेष चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा जारी रहा। अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी विपिन चंद्र भास्कर के नेतृत्व में तीन गवाह पेश किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रमाकांत यादव, रामकृपाल, दयाराम भास्कर और रामकिशन राजभर को दोषी करार देते हुए तीन महीने की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं रमाकांत यादव
फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र के अंबारी निवासी रमाकांत यादव की राजनीतिक यात्रा उतार-चढ़ाव और विवादों से भरी रही है। उन्होंने 1985 में राजनीति में कदम रखा और फूलपुर-पवई से पहली बार विधायक बने। इसके बाद वे लगातार तीन बार विधायक और चार बार आजमगढ़ से लोकसभा सांसद रहे। 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा टिकट न मिलने पर उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा, लेकिन लोकसभा चुनाव हार गए। बाद में समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होकर 2022 में फिर से विधायक बने।
रमाकांत यादव का नाम कई विवादों से जुड़ा रहा है। 1998 में लोकसभा चुनाव के दौरान बसपा प्रत्याशी अकबर अहमद डंपी से मारपीट के मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। वर्तमान में वह आजमगढ़ में जहरीली शराब कांड, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी, में भी आरोपी हैं और फिलहाल फतेहगढ़ जेल में बंद हैं।


