Akhilesh Yadav News: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सेना को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर अब सियासत तेज हो गई है। जहां कांग्रेस पहले ही इसे देश की सेना का अपमान बताकर विरोध जता चुकी है, वहीं अब समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि सेना के अपमान को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
Akhilesh Yadav ने दी तीखी प्रतिक्रिया
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लिखा “भाजपावाले सेना का जिस तरह निरंतर अपमान कर रहे हैं, वो बेहद निंदनीय है। स्वत: संज्ञान के माध्यम से मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पर भी क़ानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। देश की जनता सब देख रही है। भाजपाइयों ने चापलूसी की सभी हदें पार कर दी हैं। देश की सेना का मान-सम्मान सर्वोपरि है। सच्चे देशप्रेमियों में भाजपा को लेकर आक्रोश चरम पर है। चापलूसी विवेक हर लेती है।”
विपक्ष का तीखा हमला
इससे पहले भी कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने जगदीश देवड़ा के बयान की निंदा करते हुए इसे भारतीय सेना और उसकी गरिमा पर सीधा हमला बताया था। कांग्रेस ने कहा था कि भाजपा नेता सत्ता की चमक में इतने अंधे हो गए हैं कि अब देश की सेना को भी राजनीतिक लाभ के लिए घसीटने से पीछे नहीं हट रहे।
सेना को राजनीति से दूर रखने की मांग
इस पूरे विवाद के बीच विपक्ष एकजुट होकर यह मांग कर रहा है कि भारतीय सेना को राजनीतिक बहसों और बयानबाज़ी से दूर रखा जाए। सपा, कांग्रेस और अन्य दलों का कहना है कि सेना की गरिमा, शौर्य और सम्मान को राजनीतिक लाभ के लिए दांव पर नहीं लगाया जा सकता।