UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने कई जिलों में तबाही मचा दी है। खासकर पश्चिमी यूपी में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा रही, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार, ट्रफ रेखा की सक्रियता के चलते प्रदेश के कई जिले इसकी जद में हैं। गुरुवार से आंधी और बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा या उससे तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में भी बुधवार देर रात से बारिश शुरू हो गई थी, जिसने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
इधर, लखनऊ के सरोजिनी नगर द्वितीय वार्ड के आज़ाद नगर में जलनिकासी की समस्या अब बेकाबू होती जा रही है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि मोहल्ला पूरी तरह से सीवर और नालियों के गंदे पानी में डूब चुका है। बुधवार को जब वार्ड पार्षद रामनरेश रावत क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे, तो गुस्साए स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। लोगों का आक्रोश इस कदर था कि उन्होंने पार्षद को उसी बदबूदार पानी से भरी सड़क पर चलने को मजबूर कर दिया।
जनता के दबाव में पार्षद को सीवर के गंदे पानी में उतरना पड़ा। घटना के बाद पार्षद नाराज़ नजर आए। उन्होंने बताया कि नगर निगम को कई बार 500 मीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए कहा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिणामस्वरूप आज़ाद नगर के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।


