राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

Weather Update: इस बार मानसून तोड़ेगा रिकॉर्ड, सामान्य से अधिक बारिश की संभावना, मुंबई समेत कई राज्यों में भारी बरसात की चेतावनी

by | May 27, 2025 | ट्रेंडिंग, बड़ी खबर, मुख्य खबरें

Weather Update: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून के असामान्य और रिकॉर्ड समय से पहले आगमन की पुष्टि की है। मौसम विभाग के अनुसार, जून महीने में देशभर में दीर्घकालिक औसत (LPA) का 108 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है, जो सामान्य से अधिक है। यह पिछले 16 वर्षों में मानसून की सबसे पहले शुरुआत है। साथ ही वर्ष 2024 में अब तक 934.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो 2023 में हुई 820 मिमी वर्षा से कहीं अधिक है।

IMD का कहना है कि पूरे मानसून सीजन के दौरान भी देश में दीर्घकालिक औसत का 106 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम. रविचंद्रन के अनुसार, इस वर्ष ‘मानसून कोर जोन’ में भी सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है। इस कोर जोन में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा और आसपास के इलाके शामिल हैं, जहां खेती का अधिकांश हिस्सा मानसून पर निर्भर करता है।

उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मध्य और दक्षिण भारत में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की जा सकती है।

IMD ने बीते सोमवार को जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार अपनी सामान्य तारीख से 16 दिन पहले ही मुंबई पहुंच गया है। यह 1950 के बाद पहली बार है कि मानसून इतनी जल्दी महाराष्ट्र की राजधानी में पहुंचा है। इससे पहले शनिवार को केरल में मानसून ने दस्तक दी थी, जो 2009 के बाद से सबसे जल्दी आगमन है। उस वर्ष मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था।

सामान्यतः मानसून एक जून को केरल में प्रवेश करता है, 11 जून तक मुंबई और आठ जुलाई तक पूरे देश में फैलता है। यह 17 सितंबर से उत्तर-पश्चिम भारत से लौटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह विदा हो जाता है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून देश की वार्षिक वर्षा का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा लाता है और यह भारत की कृषि और जल आपूर्ति का मुख्य आधार है। देश की लगभग 60% कृषि भूमि की सिंचाई पूरी तरह से मानसून पर निर्भर करती है। विशेषकर धान, मक्का, बाजरा, रागी और अरहर जैसी खरीफ की फसलें इस मानसूनी वर्षा के भरोसे होती हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में केरल, कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और गोवा के कई हिस्सों में बहुत से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही, केरल, मुंबई, कोंकण क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र और कर्नाटक के तटीय व घाट क्षेत्रों में भी अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

समय से पहले आए मानसून ने केरल और महाराष्ट्र में भारी तबाही मचाई है। मुंबई में झमाझम बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है, नाले और नालियां उफान पर हैं, और मेट्रो तथा रेलवे स्टेशनों में भी पानी घुस गया है। कई इलाकों में यातायात ठप हो गया है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस वर्ष का मानसून जहां एक ओर कृषि और जलापूर्ति के लिहाज से राहत देने वाला साबित हो सकता है, वहीं इसके समय से पहले और तीव्र आगमन ने कई राज्यों में तबाही की स्थिति भी उत्पन्न कर दी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन को तैयार रहने की सलाह दी है।

#weather #wetherupdate #mansoon

ये भी पढ़ें : Bahraich News: गन्ने के खेत में छुपा है खतरा, बहराइच में तेंदुए और बाघों की मौजूदगी से दहशत

ये भी देखें : Arun Govil: भारत में आतंक के खिलाफ विपक्ष और सरकार एक साथ! जानें और क्या बोले BJP सांसद

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर