Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तालुका स्थित कुंदमाला इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक ढह गया, जिससे वहां मौजूद 25 से 30 पर्यटकों के नदी में बहने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटनास्थल तालेगांव दाभाड़े कस्बे के पास स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुंदमाला में है।
पुल के जर्जर होने की थी जानकारी
जानकारी के अनुसार यह पुल काफी पुराना और जर्जर हालत में था, जिसे दो-तीन दिन पहले ही बंद कर दिया गया था। बावजूद इसके, हादसे के समय कई लोग इस पुल पर खड़े थे। हादसे के वक्त न तो पुल के आसपास कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही कोई पुलिसकर्मी या सुरक्षाकर्मी मौजूद था, जिससे लोग अनजान होकर पुल पर चढ़ गए।
जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और आपदा राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अब तक 6 से 7 लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस दुखद हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
बारिश बनी हादसे की वजह
पिछले दो दिनों से मावल क्षेत्र में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे इंद्रायणी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसी कारण से नदी का बहाव तेज था और पुल का कमजोर ढांचा इस दबाव को सहन नहीं कर सका। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में पर्यटक पुल पर मौजूद थे, जो इस पर्यटन स्थल पर मानसून का आनंद लेने पहुंचे थे।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिस पुल को खतरनाक घोषित कर बंद किया गया था, वहां न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे और न ही किसी प्रकार की निगरानी व्यवस्था थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने पुल की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
ये भी पढ़ें : UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 45 डिग्री तक पहुंचा पारा, 15 जून से मिल सकती है राहत
ये भी देखें : Ahmedabad Plane Crash: प्लेन में थी मणिपुर की 21 साल की एयर होस्टेस,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!


