राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

PM Modi: पश्चिम एशिया और यूरोप में संघर्ष पर पीएम मोदी ने जताई चिंता, कहा – “यह युद्ध का युग नहीं”

by | Jun 16, 2025 | बड़ी खबर, मुख्य खबरें, राजनीति

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस की राजधानी निकोसिया स्थित राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत के साथ सम्मानित किया गया। यह यात्रा साइप्रस गणराज्य के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के निमंत्रण पर हो रही है और दो दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली साइप्रस यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी की इस दो दिवसीय यात्रा ने भारत-साइप्रस द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई दी है, साथ ही भूमध्यसागरीय क्षेत्र और यूरोपीय संघ के साथ भारत के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में साझा प्रतिबद्धता को दर्शाया है।

निकोसिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया और यूरोप में जारी संघर्षों पर चिंता व्यक्त करते हुए शांति की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह युद्ध का युग नहीं है और उन्होंने सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए साइप्रस के समर्थन पर आभार प्रकट किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस वर्ष भारत-साइप्रस-ग्रीस साझेदारी की शुरुआत हुई है और भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा इस क्षेत्र में शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।”

प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस सरकार ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया। इसे स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, “यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का है। यह हमारे सांस्कृतिक मूल्यों, वसुधैव कुटुंबकम की भावना और भारत-साइप्रस मैत्री का प्रतीक है।”

बैठक के दौरान रक्षा सहयोग, संकट प्रबंधन, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और साइप्रस मिलकर एक मजबूत रोडमैप विकसित करेंगे जो रणनीतिक दिशा प्रदान करेगा। दोनों देशों के राष्ट्रीय विकास कार्यक्रम — भारत का “विकसित भारत 2047” और साइप्रस का “विजन 2035” — समान सोच और लक्ष्य पर आधारित हैं।

प्रधानमंत्री ने साइप्रस को भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में निरंतर समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ड्रग्स तथा हथियारों की तस्करी रोकने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच रीयल-टाइम सूचना साझा करने का एक तंत्र विकसित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि साइप्रस भारतीय पर्यटकों की एक पसंदीदा जगह बन चुका है और दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि साइप्रस में योग और आयुर्वेद की लोकप्रियता देखकर वे उत्साहित हैं।

भारत और यूरोपीय संघ के बीच संभावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष के अंत तक इस समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। साइप्रस राष्ट्रपति ने भी इस दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि साइप्रस यूरोपीय बाजारों में प्रवेश के लिए एक रणनीतिक द्वार बन सकता है।

इस दौरान राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स ने हाल ही में अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर शोक व्यक्त किया और कहा कि साइप्रस की जनता इस दुख की घड़ी में भारत के साथ खड़ी है।

ये भी पढ़ें : UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 45 डिग्री तक पहुंचा पारा, 15 जून से मिल सकती है राहत

ये भी देखें : Ahmedabad Plane Crash: प्लेन में थी मणिपुर की 21 साल की एयर होस्टेस,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर