Delhi News: दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने दिल्ली कैंट इलाके से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो एक ही परिवार से संबंधित हैं। वहीं, सेंट्रल जिले की पुलिस ने भी चांदनी महल इलाके से छह बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इन सभी को FRRO (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) की मदद से डिपोर्ट किया गया है।
साउथ वेस्ट पुलिस की कार्रवाई
साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस को लोकल लोगों से इनपुट मिले थे कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक महिपालपुर इलाके में होटलों में रुके हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि इनमें से मोहम्मद रोहन (ढाका), सुहेल अहमद (मीरगंज), मोहम्मद जुबराज (खर्रा) और अबु केस (ढाका) से हैं। इन सभी का वीजा पहले ही एक्सपायर हो चुका था, और ये अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।
पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि उन्होंने भारत का वीजा इलाज के लिए लिया था और उनके पास पुर्तगाल का वीजा भी था। पुलिस से बचने के लिए यह लोग दिल्ली के अलग-अलग होटलों में छिपकर रह रहे थे।
चांदनी महल इलाके से पकड़े 6 नागरिक
इस बीच दिल्ली (Delhi) की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए चूड़ीवाला, चांदनी महल इलाके से छह अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें मरियम, तुलतुल, शिवली, अर्ज़ीना (सभी निवासी – जशोर जिला, बांग्लादेश) और दो बच्चे शामिल हैं। ये सभी एक ही घर में छिपकर रह रहे थे और अपनी पहचान को छुपाकर दिल्ली में बसे हुए थे।
पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के दौरान कुछ भारतीय दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस ने स्थानीय सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से यह रेड की थी।
कैसे पहुंचे ये लोग भारत?
पुलिस फिलहाल इन सभी से पूछताछ कर रही है। खासतौर से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इन लोगों ने भारत में किस रूट से एंट्री ली और उन्हें इसमें किन-किन लोगों की मदद मिली। इसके साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दिल्ली (Delhi) पहुंचने के बाद किसने इन्हें शरण दी, किसने दस्तावेज उपलब्ध कराए और किसने पहचान छिपाने में मदद की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद सभी को FRRO की मदद से वापस बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Maharashtra News: हिंदी को लेकर महाराष्ट्र में सियासत गरमाई, मनसे का विरोध तेज – स्कूलों में किताबें फाड़ी, चेतावनी पत्र थमाए
ये भी देखें : Bihar Politics: RJD ने अपनाई सपा की कौन सी जातीय रणनीति?, BJP ने अलर्ट होकर शुरू किया सर्वे!