CM Yogi News: कोतवाली क्षेत्र के पुरदिलपुर की रहने वाली कक्षा सात की छात्रा पंखुड़ी त्रिपाठी के लिए नया शैक्षिक सत्र (एक जुलाई) आजीवन यादगार बन गया। आर्थिक तंगी के कारण जब स्कूल की फीस जमा करना मुश्किल हो गया और पढ़ाई छूटने की नौबत आ गई, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन ने उसकी जिंदगी को नई राह दे दी।
मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में जब पंखुड़ी ने मुख्यमंत्री से अपनी समस्या साझा की, तो मुख्यमंत्री ने तुरंत आश्वस्त किया कि उसकी पढ़ाई किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा कि या तो उसकी फीस माफ करवाई जाएगी या फिर सरकार द्वारा फीस की व्यवस्था की जाएगी। यही नहीं, मुख्यमंत्री ने पंखुड़ी की इच्छा पर उसके साथ फोटो भी खिंचवाया।
आत्मीयता से सुनी समस्या
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में जनता दर्शन कर रहे थे। वहीं, कतार में बैठी पंखुड़ी त्रिपाठी ने जैसे ही मुख्यमंत्री को देखा, प्रार्थना पत्र देते हुए बोल पड़ी – “महाराज जी, मैं पढ़ना चाहती हूं, फीस माफ करवा दीजिए या फीस का इंतजाम करा दीजिए।” मुख्यमंत्री रुके, झुके और आत्मीयता से पंखुड़ी की पूरी समस्या सुनी।
पंखुड़ी ने बताया कि वह एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ती है। उसके पिता राजीव त्रिपाठी दिव्यांग हैं और मां मीनाक्षी एक दुकान पर नौकरी कर रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और एक भाई भी है जो कक्षा 12 में पढ़ता है। फीस न जमा होने के कारण वह स्कूल नहीं जा पा रही थी।
अफसरों को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने तुरंत अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंखुड़ी की पढ़ाई किसी भी सूरत में बाधित न हो। यदि स्कूल फीस माफ नहीं करता है तो सरकार उसकी फीस का इंतजाम करेगी। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशीलता से भावविभोर पंखुड़ी ने कहा – “महाराज जी जैसा कोई नहीं है।”
मुख्यमंत्री ने पंखुड़ी के साथ फोटो खिंचवाकर उसकी इच्छा को भी पूरा किया। यह पल पंखुड़ी के जीवन का एक यादगार क्षण बन गया।
जनता दर्शन में 100 लोगों की सुनीं समस्याएं
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद लगभग 100 लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंदों को आवास, चिकित्सा सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाया जाए।
ये भी देखें: Prayagraj में पुलिस ने चन्द्रशेखर को कौशांबी जाने से रोका, तो क्या कह गए सांसद!


