Kanwar Yatra Traffic Advisory: श्रावण मास की शुरुआत 11 जुलाई से हो चुकी है और इसके साथ ही उत्तर भारत में कांवड़ यात्रा का भी आरंभ हो गया है। हजारों शिवभक्त हरिद्वार, गौमुख, गंगोत्री जैसे पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर अपने स्थानीय शिव मंदिरों में जल चढ़ाने के लिए पैदल, बाइक, कार या समूहों में यात्रा पर निकल पड़े हैं।
इस यात्रा के दौरान दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 23 जुलाई तक एक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिससे न केवल कांवड़ यात्रा में सुविधा बनी रहे बल्कि आम लोगों को भी अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।
इन रास्तों से बचें, जाम की आशंका
दिल्ली की कई मुख्य सड़कों पर भीषण ट्रैफिक होने की संभावना है। यदि आप रोजाना सफर करते हैं या किसी जरूरी काम से बाहर जा रहे हैं, तो नीचे दिए गए मार्गों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा:
- नजफगढ़ फिर्नी रोड और नांगलोई-नजफगढ़ रोड
- रोहतक रोड, पंखा रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग
- आउटर रिंग रोड और रानी झांसी रोड (बरफ खाना चौक से फायर स्टेशन तक)
- बुलेवार्ड रोड, आज़ाद मार्केट चौक, गोकुलपुरी फ्लाईओवर
- 66 फूटा रोड, मौजपुर चौक, बदरपुर टी प्वाइंट और मथुरा रोड
- एनएच-08 (धौला कुआं मेट्रो से राजौकड़ी बॉर्डर तक)
यूपी में भी ट्रैफिक डायवर्जन
उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, अप्सरा बॉर्डर और महाराजपुर बॉर्डर से आने वाले ट्रैफिक को गाजीपुर की तरफ मोड़ा जा रहा है, जिससे NH-24 पर भारी जाम लग सकता है।
भारी वाहनों के लिए विशेष पाबंदियां
कांवड़ यात्रा के चलते कई रास्तों पर भारी वाहनों (HTV) की आवाजाही पर रोक लगाई गई है:
- जीटी रोड से शाहदरा और वजीराबाद रोड की ओर भारी वाहन नहीं जा पाएंगे।
- शाहदरा की ओर से आने वाले ट्रक अब सोनिया विहार और पुस्ता रोड होते हुए वजीराबाद रोड से NH-24 की तरफ भेजे जाएंगे।
- एनआईबी, मॉडल टाउन, छीजारसी और ताज हाईवे से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट होंगे।
- लोनी, तुलसी निकेतन, सीमापुरी और आनंद विहार से भारी वाहन अब गाज़ियाबाद में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
आम नागरिक क्या करें?
- बाहर निकलने से पहले ट्रैफिक की जानकारी अवश्य लें।
- कोशिश करें कि इस अवधि में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक उपयोग करें।
- सुबह और शाम के समय सफर से बचें, जब कांवड़ियों की संख्या अधिक होती है।
- ट्रैफिक पुलिस की सलाहों का पालन करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
इस सावन, यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए थोड़ी सी सावधानी और सहयोग सभी के लिए उपयोगी साबित होगी।
ये भी देखें : Prayagraj में पुलिस ने चन्द्रशेखर को कौशांबी जाने से रोका, तो क्या कह गए सांसद!


