IAS Shashi Prakash Goyal: उत्तर प्रदेश के 56वें मुख्य सचिव के रूप में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश (एसपी) गोयल ने कार्यभार संभाल लिया है। 1989 बैच के इस आईएएस टॉपर अधिकारी को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और योगी आदित्यनाथ सरकार — दोनों के साथ काम करने का लंबा और व्यापक अनुभव रहा है।
8 वर्षों से CM के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सत्ता संभालने के बाद से ही एसपी गोयल बतौर प्रमुख सचिव और फिर अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) में लगातार कार्यरत रहे। उन्हें मुख्यमंत्री का करीबी और विश्वसनीय अफसर माना जाता है। बीते आठ वर्षों से वह पंचम तल (मुख्यमंत्री कार्यालय) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे और हर प्रमुख प्रशासनिक निर्णय में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
मुख्य सचिव का दायित्व
31 जुलाई 2025 को मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण करने वाले एसपी गोयल अब राज्य प्रशासनिक ढांचे के सर्वोच्च पद पर हैं। यह पद सचिवालय का कार्यकारी प्रमुख होता है और राज्य की समस्त नीतियों व योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी मुख्य सचिव पर ही होती है। साथ ही वे मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार की भूमिका भी निभाते हैं।
दिल्ली और यूपी की ब्यूरोक्रेसी में मजबूत पकड़
एसपी गोयल को न केवल उत्तर प्रदेश के हर जिले की अच्छी जानकारी है, बल्कि दिल्ली की प्रशासनिक और राजनीतिक हलचलों पर भी उनकी गहरी नजर रहती है। वर्ष 2024 में उनका केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति का रास्ता लगभग तय हो गया था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसे को देखते हुए उन्हें यूपी में मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई और प्रतिनियुक्ति को रोका गया।
इटावा से की शुरुआत
1967 में लखनऊ में जन्मे एसपी गोयल की पहली नियुक्ति बतौर आईएएस अफसर इटावा जिले में सहायक मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। इसके बाद वे अलीगढ़, बहराइच और मेरठ में मुख्य विकास अधिकारी रहे। फिर उन्हें मथुरा, इटावा, प्रयागराज और देवरिया का जिलाधिकारी भी बनाया गया।
एसपी गोयल ने बसपा शासनकाल में तत्कालीन कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह के स्टाफ अफसर के रूप में काम किया, तो सपा सरकार में सचिव (नियोजन और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग) के रूप में भी अपनी दक्षता साबित की। हर सरकार में उनकी कार्यशैली और निष्पक्षता की सराहना होती रही है।
ये भी पढ़ें : UP News: हापुड़ पुलिस में हड़कंप एक मामले में लापरवाही पर एसपी का एक्शन, इंस्पेक्टर और दरोगा को दिखाया लाइन का रास्ता
ये भी देखें : Amit Shah On Gaurav Gogoi: “पाकिस्तान तो कई बार जाते हो, कभी सीमा…”, गौरव गोगोई पर बोले अमित शाह