Sultanpur News: दिल्ली के जंतर मंतर पर SSC परीक्षा से जुड़े छात्रों और शिक्षकों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को सुल्तानपुर में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा।
कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस का हुंकार
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में और शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहाँ उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में रखीं गईं चार प्रमुख मांगें
- निर्दोष छात्रों और शिक्षकों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाया जाए।
- परीक्षा केंद्र परीक्षार्थियों के निकटतम स्थानों पर निर्धारित किए जाएं।
- पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल दोषियों पर कठोर और समयबद्ध कार्रवाई हो।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा “यह सरकार देश के युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और शिक्षकों पर सत्ता के इशारे पर बर्बर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है।”
उन्होंने कहा कि छात्रों का कसूर सिर्फ इतना था कि वे सरकार से यह पूछने की हिम्मत कर बैठे कि SSC परीक्षाएं रद्द क्यों की गईं। जवाब देने की बजाय सरकार ने दमनकारी रास्ता अपनाते हुए लाठियां चलवा दीं।
शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने भी जताई नाराजगी,शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा “जब छात्र यह जानना चाहते हैं कि परीक्षाएं क्यों रद्द हुईं तो उन्हें लाठी से पीटना लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या है। यह देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
इन लोगों ने दी अपनी भागीदारी
प्रदर्शन में जनार्दन शुक्ला, आवेश अहमद, मोहित तिवारी, विजयपाल, मो. अतीक, जयशंकर दुबे, ममनून आलम, रामलौट यादव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, हर्ष नारायण शुक्ला, देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार तिवारी, प्रेम प्रकाश तिवारी, कुमारी निकलेस सरोज, रामभवन पांडे, जयप्रकाश तिवारी, रामचंद्र मिश्र, जमींदार यादव, सर्वेंद्र सिंह, इश्तियाक, विनोद पांडे और अरुण त्रिपाठी सहित कई कार्यकर्ता व नेता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : UP News: हापुड़ पुलिस में हड़कंप एक मामले में लापरवाही पर एसपी का एक्शन, इंस्पेक्टर और दरोगा को दिखाया लाइन का रास्ता
ये भी देखें : Amit Shah On Gaurav Gogoi: “पाकिस्तान तो कई बार जाते हो, कभी सीमा…”, गौरव गोगोई पर बोले अमित शाह