B. Sudershan Reddy: भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में विपक्षी INDIA गठबंधन के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय राय, और सपा नेता शिवपाल सिंह यादव समेत कई नेताओं से मुलाकात की।
अखिलेश यादव ने किया गर्मजोशी से स्वागत
बी सुदर्शन रेड्डी जब सपा मुख्यालय पहुंचे, तो खुद अखिलेश यादव ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने रेड्डी का समर्थन करते हुए कहा “हम न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, और इस लड़ाई के लिए एक न्यायमूर्ति से बेहतर उम्मीदवार कोई और नहीं हो सकता।”
उन्होंने रेड्डी के अनुभव और संविधान के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि आज के समय में देश को ऐसे ही नेतृत्व की जरूरत है।
बीजेपी पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा “भाजपा उपराष्ट्रपति जैसे बड़े संवैधानिक पद को एक खास विचारधारा से जोड़ना चाहती है, जो देश के हित में नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि सिद्धांत और संविधान की लड़ाई है। हमें भरोसा है कि जो लोग न्याय, अधिकार और सच्चाई के पक्ष में हैं, वे अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट करेंगे।
अखिलेश ने बी सुदर्शन रेड्डी को लेकर कही ये बात
अखिलेश ने कहा कि INDIA गठबंधन के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी संविधान, न्याय और हक की लड़ाई के प्रतीक हैं। अगर वोट अंतरात्मा की आवाज पर पड़े, तो वे ऐतिहासिक जीत दर्ज कर उपराष्ट्रपति पद पर पहुंचेंगे।
ये भी देखें: Akhilesh Yadav On Pooja Pal: पूजा पाल केस पर क्या बोले अखिलेश?, सुरक्षा पर योगी सरकार को घेरा!