राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

UP Flood News: यूपी में नदियों ने दिखाया विकराल रूप, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, अलर्ट मोड पर प्रशासन

by | Sep 7, 2025 | अपना यूपी, बड़ी खबर, मुख्य खबरें

UP Flood News: उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना और अन्य नदियों के जलस्तर में आई अप्रत्याशित वृद्धि ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अलीगढ़, बरेली, हाथरस, मथुरा सहित कई जिलों में नदियों का पानी आबादी वाले क्षेत्रों में घुस गया है, जिससे जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटा है तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

शाहजहांपुर जिले में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बरेली मोड़ ओवरब्रिज से लेकर मौजमपुर गांव तक लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में करीब दो फुट गहरा और तेज बहाव वाला पानी बह रहा है। इससे यातायात पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। शाम के समय बहाव और तेज हो गया, जिसके चलते दोपहिया और हल्के वाहन जैसे ऑटो व टेंपो का संचालन बंद हो गया। राहगीरों को मजबूरी में पानी के बीच से पैदल गुजरना पड़ा।

एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने जानकारी दी कि हाईवे पर पानी के बहाव को देखते हुए पीएसी की फ्लड यूनिट को तैनात कर दिया गया है। राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं।

लखीमपुर खीरी जिले में शारदा नदी में नाव पलटने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। नौव्वापुर घाट के पास 20 लोगों से भरी नाव शनिवार सुबह पलट गई। स्थानीय लोगों ने अधिकांश लोगों को बचा लिया, लेकिन कैलाश (40) और उनकी बेटी सीमा (15) लापता हैं। एनडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक तलाश जारी रखी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि ये लोग बाढ़ राहत सामग्री लेने नदी पार रखही गांव जा रहे थे।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार को जैसे हालात रहे, वैसे ही रविवार को भी मौसम बने रहने की उम्मीद है। तापमान में आंशिक वृद्धि और हवा न चलने के कारण गर्मी व उमस का अहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को तराई क्षेत्र में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

प्रयागराज और वाराणसी में गंगा-यमुना का जलस्तर 82 मीटर को पार कर गया है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर 84 मीटर तक पहुंच सकता है, जिससे कई बस्तियां बाढ़ की चपेट में आ सकती हैं। वाराणसी में इस सीजन में तीसरी बार गंगा के जलस्तर में वृद्धि हुई है। दशाश्वमेध घाट पर स्थित जल पुलिस चौकी में पानी घुस गया है और अस्सी घाट स्थित “ए बनारस” मंच भी डूब चुका है।

वृंदावन में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण पूरे शहर में पानी भर गया है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग में डाई कोस तक जलभराव हो गया है। प्रमुख मार्ग जैसे बारहघाट, कालीसह मार्ग, जुगालघाट, शृंगारवट और चीरघाट जलमग्न हो चुके हैं। लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अलीगढ़ जिले में नरौरा बैराज से करीब ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी उफान पर है। इसका असर आस-पास के करीब 10 गांवों पर पड़ा है, जहां पानी आबादी में घुस गया है। यमुना खादर के 12 गांव भी शनिवार को पानी से घिरे रहे। सर्वाधिक प्रभावित गांवों में महाराजगढ़ और शेरगढ़ शामिल हैं, जहां से अब तक 1200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। महाराजगढ़ गांव में मकानों में पांच से सात फुट तक पानी भर गया है, जिससे घरों की दीवारों में रिसाव और गिरने का खतरा बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: Uttarakhand News: केदारनाथ में ग्लेशियर से हल्का एवलांच, कोई नुकसान नहीं, अलर्ट मोड पर प्रशासन

ये भी देखें: Mayawati On Akash Anand: आकाश आनंद को नई कमान!, क्या अब बिहार चुनाव में मचेगा घमासान?

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर