Kushinagar News: कुशीनगर ज़िले के रामकोला में इस बार भी 10 सितंबर को किसान शहीद दिवस बड़े ही जोश और सम्मान के साथ मनाया गया। यह दिन उन किसानों की याद में मनाया जाता है जो साल 1992 में गन्ना मूल्य के लिए हुए आंदोलन के दौरान पुलिस फायरिंग में शहीद हुए थे।
इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के विधायक तेजप्रताप यादव और यूपीएससी गुरू अवध ओझा मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
क्या है किसान शहीद दिवस की कहानी?
यह आयोजन हर साल 10 सितंबर को रामकोला की चीनी मिल के सामने किया जाता है। साल 1992 में समाजवादी पार्टी के नेता राधेश्याम सिंह के नेतृत्व में किसान गन्ने के उचित मूल्य और बकाया भुगतान को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दो किसानों, पड़ोही हरिजन और जमादार मियां की मौत हो गई थी। इन्हीं की याद में हर साल यह दिन “किसान शहीद दिवस” के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में क्या हुआ?
कार्यक्रम में सबसे पहले शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर तेजप्रताप यादव ने कहा “ये सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है। किसानों को न खाद मिल रहा है, न बीज। खाद की बोरियों में वजन घटा दिया गया है और रेट बढ़ा दिया गया है। कुछ बीजेपी नेता खाद की तस्करी में शामिल हैं।”
उन्होंने कहा कि “गन्ना किसानों का लाखों रुपये बकाया है, लेकिन सरकार सिर्फ झूठे वादे कर रही है। ना तो गन्ने का दाम बढ़ रहा है और ना ही समय पर भुगतान मिल रहा है।”
अवध ओझा भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में यूपीएससी की तैयारी के लिए मशहूर शिक्षक अवध ओझा भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। उन्होंने युवाओं को संविधान, किसान आंदोलनों और लोकतांत्रिक अधिकारों को समझने की अपील की।
कौन-कौन रहा मौजूद?
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।
इनमें प्रमुख थे
- पूर्व मंत्री ब्रह्मशंकर त्रिपाठी
- पूर्व विधायक डॉ पी.के. राय
- समाजवादी जिलाध्यक्ष रामअवध यादव
- वरिष्ठ नेता इलियास अंसारी
और हजारों की संख्या में किसान और स्थानीय लोग
समाजवादी परिवार की परंपरा
गौर करने वाली बात ये है कि हर साल इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के किसी बड़े नेता या मुलायम सिंह यादव के परिवार का कोई सदस्य ज़रूर शामिल होता है। इस बार करहल से विधायक और नेताजी (मुलायम सिंह) के परिवार के सदस्य तेजप्रताप यादव पहुंचे।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand News: केदारनाथ में ग्लेशियर से हल्का एवलांच, कोई नुकसान नहीं, अलर्ट मोड पर प्रशासन
ये भी देखें: Mayawati On Akash Anand: आकाश आनंद को नई कमान!, क्या अब बिहार चुनाव में मचेगा घमासान?


