Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे समय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को बड़ा झटका लगा है। रोहतास जिले से पार्टी के प्रदेश सचिव और बीस सूत्री जिला कमेटी के सदस्य बद्री भगत ने आज अपने करीब तीन हजार समर्थकों के साथ पार्टी छोड़ दी।
इस्तीफा देते हुए बद्री भगत ने अपनी नाराजगी टिकट बंटवारे को लेकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें करगहर विधानसभा सीट से टिकट का भरोसा दिया गया था, लेकिन बाद में उनके टिकट पर रोक लगा दी गई।
“CM के करीबी नेताओं ने करवाई साजिश”
बद्री भगत ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आसपास रहने वाले नेताओं पर साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,”तीन अक्टूबर को पटना में मुख्यमंत्री ने खुद मुझे टिकट देने का वादा किया था। लेकिन सिर्फ 11 दिन में मेरे टिकट को कटवा दिया गया। पार्टी में कुछ लोग कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर रहे हैं और अंदर ही अंदर पार्टी को कमजोर कर रहे हैं।”
बद्री भगत ने यह भी कहा कि वे सालों से गांव-गांव जाकर नीतीश कुमार के कामों का प्रचार करते रहे हैं, लेकिन जब चुनाव का वक्त आया, तो उन्हें दरकिनार कर दिया गया।
पहले भी कई बड़े नेताओं ने छोड़ी पार्टी
बद्री भगत अकेले नहीं हैं जिन्होंने पार्टी छोड़ी है। इससे पहले पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह कुशवाहा और जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा भी पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं.
इन लगातार हो रहे इस्तीफों से साफ है कि रोहतास जिले में जेडीयू की हालत अच्छी नहीं दिख रही। 2020 के चुनाव में एनडीए यहां की सभी सीटें हार गया था, और अब 2025 के चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर उठे बवाल से स्थिति और बिगड़ सकती है।
क्या असर पड़ेगा चुनाव पर?
चुनाव से ठीक पहले बड़े नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं का पार्टी छोड़ना जेडीयू के लिए खतरे की घंटी है। खासकर रोहतास जैसे बड़े जिले में, जहां जातीय और स्थानीय समीकरण अहम भूमिका निभाते हैं, वहां नेताओं का जाना पार्टी के वोटबैंक को सीधे तौर पर प्रभावित कर सकता है।
अब देखना यह होगा कि जेडीयू इस सियासी झटके से कैसे उभरती है और एनडीए गठबंधन इस नुकसान की भरपाई कैसे करता है। जनता क्या फैसला लेती है, इसका जवाब तो चुनाव नतीजे ही देंगे।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज को मिला पहला पांच सितारा होटल, रेडिसन होटल का भव्य उद्घाटन, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
ये भी देखें: UP Politics: सपा सांसद Awdhesh Prasad ने BJP पर कसा तंज


