राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

Mukesh Sahni: कौन हैं मुकेश सहनी जो बने बिहार के डिप्टी सीएम उम्मीदवार, जानें ‘सन ऑफ मल्लाह’ से राजनीति तक का सफर

by | Oct 23, 2025 | ट्रेंडिंग, बड़ी खबर, मुख्य खबरें, राजनीति

Mukesh Sahni: बिहार की राजनीति में मुकेश सहनी आज वो नाम बन चुके हैं, जिनके बिना पिछड़े वर्गों, खासकर निषाद (मल्लाह) समाज की चर्चा अधूरी लगती है। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से मशहूर सहनी अब महागठबंधन में डिप्टी सीएम फेस घोषित किए गए हैं। 23 अक्टूबर 2025 को पटना में हुई महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव को सीएम और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम के तौर पर पेश किया।

दरभंगा जिले के सुपौल बाजार में जन्मे मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी एक सामान्य व्यवसायी थे। घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी, इसलिए मुकेश को कम उम्र में ही संघर्ष का रास्ता चुनना पड़ा। 19 साल की उम्र में वो मुंबई पहुंचे और एक कॉस्मेटिक स्टोर में सेल्समैन की नौकरी शुरू की।

लेकिन यहीं से उनकी जिंदगी ने करवट ली। उन्होंने सेट डिजाइनिंग में कदम रखा और ‘मुकेश सिनेवर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी बनाई। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी फिल्मों के सेट डिजाइन किए जिनमें शाहरुख खान की देवदास (2002) और सलमान खान की बजरंगी भाईजान (2015) जैसी सुपरहिट फिल्में शामिल हैं।

मुंबई में सफलता पाने के बाद मुकेश सहनी ने समाज सेवा की ओर रुख किया। उन्होंने ‘सहनी समाज कल्याण संस्था’ बनाई, जो निषाद समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर काम करती थी।

राजनीति में उन्होंने 2013 में कदम रखा। शुरुआत में 2014 में भाजपा का समर्थन किया, लेकिन जब निषाद समाज को अनुसूचित जाति (एससी) में शामिल नहीं किया गया तो उन्होंने अलग राह चुन ली। 4 नवंबर 2018 को उन्होंने अपनी पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी)  की स्थापना की, जिसका लक्ष्य था पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज उठाना।

2019 में वीआईपी ने महागठबंधन के साथ हाथ मिलाया, लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एनडीए का दामन थाम लिया। वीआईपी को तीन सीटें मिलीं और खुद मुकेश सहनी नीतीश सरकार में पशुपालन मंत्री बने।

हालांकि, 2022 में जब राजनीतिक समीकरण बदले तो उनकी कुर्सी चली गई और वे दोबारा महागठबंधन में शामिल हो गए। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने आरजेडी के साथ मिलकर तीन सीटों पर चुनाव लड़ा, और निषाद वोटरों ने अहम भूमिका निभाई।

भले ही सहनी खुद विधानसभा नहीं जीत पाए, लेकिन उनकी पार्टी के चार विधायक 2020 में विजयी रहे। वे लगातार यह मांग उठाते रहे कि बिहार में निषाद समाज को भी मजबूत राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और इसके लिए डिप्टी सीएम पद सबसे बड़ा कदम होगा।

2025 के चुनाव से पहले सीट बंटवारे में उन्होंने अपनी पार्टी के लिए 30 सीटों की मांग की थी, हालांकि अंत में उन्हें 15 सीटें मिलीं। और अब, 23 अक्टूबर 2025 को महागठबंधन ने उन्हें आधिकारिक तौर पर डिप्टी सीएम फेस घोषित कर दिया।

मुकेश सहनी का यह सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं  एक मल्लाह परिवार से निकला युवक, जिसने मुंबई में मेहनत से अपनी पहचान बनाई और फिर समाज के हक की लड़ाई के लिए बिहार लौट आया। अब देखना यह होगा कि ‘सन ऑफ मल्लाह’ के इस नए रोल से बिहार की राजनीति में क्या नया मोड़ आता है।

 ये भी पढ़ें: Khesari Lal Yadav: छपरा से चुनाव लड़ेंगे खेसारी लाल यादव, बोले – “संगीत नहीं छोड़ूंगा, लेकिन छपरा की …”

ये भी देखें: Bihar Election 2025: मोकामा सीट पर होगी अनंत सिंह और सुरजभान सिंह की टक्कर , कौन पड़ेगा भारी?”

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर