Noida News: नोएडा के सेक्टर-66 स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक ऑक्सीजन पाइप फटने से हड़कंप मच गया। पाइप फटने की तेज आवाज और धुएं के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीज और उनके परिजन घबरा कर बाहर की ओर भागने लगे।
इस दौरान ऑक्सीजन सप्लाई रुक जाने से आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही फेस-3 थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आईसीयू में भर्ती मरीजों को पास के दूसरे अस्पतालों में एंबुलेंस के जरिए शिफ्ट करना शुरू किया। शुरू में पांच मरीजों को शिफ्ट किया गया, उसके बाद बाकी गंभीर मरीजों को भी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। कुल आठ मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
फायर स्टेशन फेस-3 को भी इस घटना की जानकारी दी गई। फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में पता चला कि ऑक्सीजन लाइन में लीकेज की वजह से हल्का ब्लास्ट हुआ था। अच्छी बात यह रही कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ और न ही आग लगने की कोई घटना हुई।
फिलहाल अस्पताल में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि सभी मरीज सुरक्षित हैं और ऑक्सीजन सिस्टम की मरम्मत का काम चल रहा है।
ये भी देखें: Pawan Singh News: ”15 साल पहले और आज का बिहार….”—खेसारी के बयान पर पवन सिंह का पलटवार!


