UP Politics: उत्तर प्रदेश की मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर एक बार फिर उपचुनाव होने जा रहा है। समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई है। विधानसभा सचिवालय ने सीट को रिक्त घोषित करते हुए इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसकी जानकारी राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा के सभी सदस्यों, डीएम मऊ और मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है। अब नियमों के मुताबिक छह महीने के भीतर यहां उपचुनाव कराया जाएगा।
क्यों खाली हुई सीट?
घोसी से सपा विधायक सुधाकर सिंह का 20 नवंबर को बीमारी के चलते निधन हो गया था। चुनाव नियमों के अनुसार, अगर किसी विधायक की मृत्यु, इस्तीफा या अयोग्यता की वजह से सीट खाली होती है, तो छह महीने के अंदर उपचुनाव होना जरूरी होता है।
हमेशा सुर्खियों में रहती है घोसी सीट
मऊ की घोसी सीट पिछले कुछ सालों से लगातार चर्चा में रही है। 2022 में यहां पर भाजपा से सपा में आए दारा सिंह चौहान ने जीत हासिल की थी। लेकिन उन्होंने एक साल के अंदर ही विधायक पद से इस्तीफा देकर दोबारा बीजेपी का दामन थाम लिया था।
इसके बाद 2023 में इस सीट पर उपचुनाव हुए, जिसमें बीजेपी ने फिर से दारा सिंह चौहान को टिकट दिया, जबकि सपा ने सुधाकर सिंह को मैदान में उतारा। मुकाबला काफी दिलचस्प रहा और सुधाकर सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार को करीब 50 हजार वोटों से हराकर जीत दर्ज की। उनकी जीत उस समय खूब चर्चा में रही।
अब फिर होगा सपा–भाजपा में मुकाबला
लेकिन अब उनके निधन के बाद सीट दोबारा खाली हो गई है और 2027 से पहले एक बार फिर यहां उपचुनाव होगा। माना जा रहा है कि घोसी में एक बार फिर सपा और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है।
ये भी देखें: Kunal Kamra Controversy: कुणाल कामरा ने RSS का उड़ाया मजाक, बीजेपी ने कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी!


