Harendra Singh Resigns: एक बड़े और अचानक हुए फैसले में भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने “निजी कारणों” का हवाला देते हुए तुरंत प्रभाव से अपना पद छोड़ दिया। हॉकी इंडिया ने देर शाम एक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।
हरेंद्र सिंह ने अप्रैल 2024 में ही कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली थी और माना जा रहा था कि वह टीम को 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक तक लीड करेंगे। लेकिन अचानक उन्होंने हॉकी इंडिया को ईमेल भेजकर बताया कि वह निजी वजहों से पद छोड़ रहे हैं। हरेंद्र ने कहा, भारतीय महिला हॉकी टीम का कोच होना मेरे करियर की बहुत बड़ी उपलब्धि है। निजी कारणों से मैंने यह निर्णय लिया है, लेकिन मेरा दिल हमेशा इस शानदार टीम के साथ रहेगा।
मारिन की वापसी के संकेत
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय महिला हॉकी टीम के पूर्व कोच शोर्ड मारिन की फिर से टीम में वापसी हो सकती है। उन्हीं की कोचिंग में टीम ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथा स्थान हासिल किया था। मारिन ने अगस्त 2021 में पद छोड़ा था।
कमजोर प्रदर्शन भी एक कारण?
हालांकि हरेंद्र ने निजी कारण बताए, लेकिन सूत्रों का कहना है कि टीम के खराब प्रदर्शन ने भी इस फैसले में बड़ी भूमिका निभाई। बताया गया कि कोच को सभी सुविधाएँ मिलने के बावजूद टीम अपेक्षित नतीजे नहीं दे पाई।
पिछले डेढ़ साल में—
• टीम की फिटनेस लगातार चिंता का विषय रही
• दर्जनभर खिलाड़ी चोटों से जूझते रहे
• FIH प्रो लीग 2024–25 में टीम ने 16 में से सिर्फ 2 मैच जीते, 11 में हार मिली
• टीम तालिका में अंतिम स्थान पर रही
• एशिया कप के फाइनल में हार के बाद विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई भी नहीं कर सकी
हॉकी इंडिया की प्रतिक्रिया
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, हम हरेंद्र सिंह को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद देते हैं। भारतीय हॉकी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सभी जानते हैं। हम जल्द ही नए कोच की घोषणा करेंगे। महासचिव भोलानाथ सिंह ने भी कहा कि टीम की विश्व कप क्वालीफायर्स की तैयारी जारी रहेगी।
हरेंद्र सिंह का सफर
• 2016 जूनियर पुरुष विश्व कप में भारत को खिताबी जीत दिलाई
• 2021 से 2024 तक अमेरिकी पुरुष टीम के कोच रहे
• 2017 में भारतीय महिला टीम के कोच बने और एशिया कप जीता
• 2018 में भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच बने, लेकिन 2019 में हटाए गए
• तीन बार पुरुष टीम के अंतरिम मुख्य कोच भी रहे
हरेंद्र सिंह के जाने के बाद अब भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने नए कोच की तलाश और विश्व कप क्वालीफायर्स की तैयारी दोनों बड़ी चुनौतियाँ हैं। टीम और फैंस की नजरें अब इस बात पर टिक गई हैं कि नया मुख्य कोच कौन होगा और आगे टीम का प्रदर्शन कैसा रहेगा।
ये भी पढ़ें: SIR Process Extended: चुनाव आयोग का बड़ा कदम, SIR प्रक्रिया 7 दिन और आगे बढ़ी
ये भी देखें: Manoj Tiwari: मनोज तिवारी ने विपक्ष को घेरा


